हरियाणा के महेंद्रगढ़ के गांव सिगड़ा स्थित एक निजी वेटरनरी कॉलेज संचालक से पाकिस्तान के मोबाइल नंबर से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। राशि नहीं देने पर पीड़ित को जिंदगी सलामत नहीं रहने की धमकी दी है। पीड़ित ने सदर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर मामले से अवगत कराया। हालांकि अभी तक मामला दर्ज नहीं किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में अजय सिगड़िया ने बताया कि मंगलवार को सुबह 10 बजकर 49 मिनट पर उसके पास एक पाकिस्तानी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने उससे 50 लाख रुपये की मांग की। इसके बाद उसने सोचा की कोई परिचित है तथा उसके साथ मजाक कर रहा है।
लेकिन जब उन्होंने पूछताछ का प्रयास किया तो कॉल करने वाले ने गाली-ग्लौज करना शुरू कर दिया तथा जान से मारने की धमकी देने लगा। कॉल करने वाले व उसके बीच एक मिनट एक सेकंड बातचीत हुई थी।
उनके पास इस प्रकार की शिकायत आई है। शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की तकनीकि शाखा का सहयोग लिया जाएगा तथा जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
-धर्मबीर सिंह, सदर थाना प्रभारी