कुछ युवकों द्वारा रोडवेज बस के चालक और परिचालक से मारपीट करने का मामला सामने आया है। रोडवेज परिचालक दयानंद और चालक जिले सिंह ने बताया वे परिवहन बस नारनौल से मौखुता रूट पर चलाते है। प्रतिदिन की भांति शनिवार को भी वे मौखुता से सवारी लेकर नारनौल की तरफ आ रहे थे कि जब वे गंगा सहाय की ढाणी के नजदीक पहुंचे तो परिचालक ने गांव नारहेडी के कुछ युवकों से टिकट लेने के लिए कहा। इस पर उन युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते युवकों ने परिचालक दयानंद से टिकट और नगद रुपये छीनकर भाग गए।
इसकी सूचना पाकर गांव नारहेडी के सरपंच और अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। सरपंच व ग्रामीण अपने गांव के युवकों को समझाने की बजाय मारपीट के उतारू हो गए। यह देख चालक और परिचालक ने अपनी जान बचाने के लिए गंगा सहाय की ढाणी में एक घर में जाकर छिप गए और वहीं से सौ नंबर पर पुलिस को फोन किया। इसके बाद मौके पर निजामपुर पुलिस पहुंची। चालक और परिचालक ने उक्त युवकों के खिलाफ मारपीट करने की शिकायत पुलिस को दे दी। परिचालक दयानंद को नारनौल नागरिक अस्पताल उपचार के लिए भर्ती करवाया गया। रोडवेज यूनियन नेता राजेश डांगी ने पुलिस से जल्द से जल्द दोषी लोगों को गिरफ्तार करने की मांग की।