क्षेत्र के एक गांव में मां के साथ अवैध संबंध होने के शक में एक युवक ने रिश्तेे के चाचा को पहले शराब पिलाई फिर गोली मारकर हत्या कर दी। युवक ने अपने आप को पुलिस के हवाले भी कर दिया। पुलिस ने युवक पर हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
बृहस्पतिवार रात को नारनौल के नजदीक लगते एक गांव की ढाणी के युवक सुरेंद्र उर्फ भोलाराम ने रिश्ते में लगने वाले अपने चाचा हनुमान (48) पुत्र नांदाराम की मांदी नदी में गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार मृतक रिश्ते में आरोपी का चाचा लगता था। सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि 17 फरवरी को हनुमान शराब पीकर उसके घर में घुस गया था। वह उसकी मां के कमरे की ओर जा रहा था। जब उसने रोका, तब उसके साथ कहासुनी हो गई थी। यह मामला थोड़ी देर में ही निपट गया था। लेकिन इसके बाद वह उससे रंजिश रखने लगा। रंजिशन आरोपी ने हनुमान को बृहस्पतिवार दोपहर बाद साढ़े तीन बजे शराब पीने के बहाने बुलाया। इसके बाद दोनों बाइक पर बैठकर मांदी की नदी की ओर चले गए। एक शराब के ठेके से उसने शराब खरीदी। मांदी की नदी में दोनों ने शराब पी। जब हनुमान नशे में हो गया तो आरोपी ने रिवाल्वर से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
जानकार से मंगाया देशी कट्टा
पुलिस के अनुसार आरोपी सुरेंद्र ने इस काम के लिए अपने किसी जानकार से एक देशी कट्टा मंगाया। देशी कट्टा मिलने के बाद उसने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ के दौरान आरोपी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि वो नारनौल में वेल्डिंग का काम करता है। करीब 10 साल पहले उसके पिता की बीमारी की वजह से मृत्यु हो गई थी। आरोपी के अनुसार देशी कट्टा भी उसने मैंने एक मिलने वाले दोस्त से 2500 रुपये में खरीदा था।
पुलिस के सामने किया सरेंडर
पुलिस के अनुसार मांदी के पास गोली मारकर की गई हत्या के आरोपी ने देशी कट्टे के साथ पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। जिसके खिलाफ थाना सदर में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी युवक को 20 फरवरी को स्थानीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।