नारनौल में फेसबुक पर ऑनलाइन भैंस खरीदने के नाम पर गांव कोथल कला के एक व्यक्ति से एक लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। वहीं एक अन्य मामले में पिता का पारिवारिक मित्र बता एक व्यक्ति ने युवक के खाते से 54 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ितों ने इसकी शिकायत साइबर थाना में दी है। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में पारिवारिक मित्र बताकर खाते से निकाले 54 हजार
पुलिस को दी शिकायत में गांव कोथल कला निवासी अभय सिंह ने बताया कि उसने फेसबुक पर भैंस का विज्ञापन देखा था। जिसमें दिए गए नंबरों पर उसने कॉल की तो उन्होंने बताया कि वह अशोक शर्मा डेयरी फार्म जयपुर से बोल रहा है। अशोक ने कहा कि उसका चालक रतन उस तक भैंस की डिलीवरी कर देगा। उसने बहकावे में आकर उसने खाते में एक लाख रुपये भेज दिए। बाद में जब भैंस नहीं आई तो दिए गए नंबरों पर फोन करने पर कोई रिस्पांस नहीं आया। इसके बाद उसने साइबर सेल को इसकी शिकायत दी।
पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने किया मामला दर्ज
इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं दूसरे मामले में अटेली के गांव गणियार निवासी करतार सिंह ने बताया कि उसके पास एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने अपना नाम राधेश्याम बताया और बताया कि वह अंबाला से बोल रहा है और उसके पिता के साथ काम करता था। वह कुछ पैसे उसके खाते में डाल रहा है। जिसके बाद उसने पारिवारिक बातचीत की तथा उसके व्हाट्सएप पर 20000, 5000 व 2000 के कई लिंक भेजे, लेकिन जैसे ही उसने लिंक को क्लिक किया तो उसके अकाउंट से पैसे कटने शुरू हो गए तथा 54 हजार रुपये तक कट गए।