पेट्रोल पंप पर सेल्समैनों को पीटा
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कारगिल युद्ध में अपनी टांग गंवाने वाले सुरेंद्र कुमार के गांव पांचनौता स्थित कारगिल फिलिंग स्टेशन पर शनिवार रात पुलिस ने वाहनों में पेट्रोल-डीजल भरे सेल्समैनों की जमकर पीटाई की। वाहनों में तेल न भरने की चेतावनी की अनदेखी करने पर पंप पर मौजूद तीन सेल्समैनों पर पुलिसिया कहर बरपा। इस दौरान सादे ड्रेस में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी पंप पर मौजूद रहा। मारपीट की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की जानकारी मिलते ही पुलिस कर्मचारियों ने पंप पर लगे कैमरे डीवीआर समेत उखाड़ लिये। पुलिसिया कहर की जानकारी मिलने पर पंप संचालक मौके पर पर पहुंचा। पुलिस कर्मचारी और अधिकारी ने उसको भी औकात में रहने की नसीहत दी। तीन सेल्समैनों का मेडिकल कराने के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे पंप संचालक को डॉक्टरों ने पुलिस के साथ आने को कहा। सेल्समैनों का मेडिकल नहीं करने देने और पंप पर मारपीट करने के विरोध में पंप संचालकों ने बैठक कर इसकी निंदा की है। एसपी हमीद अख्तर ने ऐसी किसी घटना से इनकार किया है।
गांव पांचनौता स्थित कारगिल फिलिंग स्टेशन के संचालक सुरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि कारगिल युद्ध में उसने अपनी एक टांग गंवा दी थी। सरकार ने उसकी बहादुरी को देखकर पेट्रोल पंप अलाट किया है। एक फौजी होने के नाते वह किसी भी प्रकार के अवैध काम अपने पंप पर नहीं होने देता। शनिवार रात को साढ़े बारह बजे एक डिजायर गाड़ी और एक अन्य गाड़ी में कुछ पुलिस कर्मचारी पंप पर आए। उन्होंने वहां पेट्रोल डाल रहे सेल्समैनों को वाहनों में डीजल और पेट्रोल नहीं डालने और देर रात तक पेट्रोल पंप नहीं खोलने की चेतावनी दी। पंप पर मौजूद सेल्समैन श्यामसुंदर और नेतराम ने कहा कि साहब वे तो 24 घंटे पेट्रोल डाल सकते हैं। इसके बाद पुलिस कर्मी दोनों को वाहनों में डीजल और पेट्रोल न डालने की चेतावनी देकर चलते बने। कुछ देर बाद लौटते ही पुलिस कर्मचारियों ने वाहनों में पेट्रोल और डीजल डाल रहे सेल्समैनों पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। उन्होंने पंप के दोनों सेल्समैनों की जमकर धुनाई की। इस दौरान वाहन चालक अपने वाहन छोड़कर भागते नजर आए। पंप पर सो रहे तीसरे सेल्समैन के साथ भी कर्मचारियों ने मारपीट की।
पंप मालिक को भी धमकाया
पंप मालिक का कहना है कि घटना के बारे में सेल्समैनों ने उनको सूचना दी। इसके बाद वह पंप पर पहुंचा। वहीं पर मौजूद डिजायर गाड़ी और एक अन्य वाहन में उनको पुलिस कर्मचारी मिले। अपने बारे में बताने के बाद भी पुलिस कर्मचारी और सादी वर्दी में खड़ा एक वरिष्ठ अधिकारी भी उन पर बरस पड़ा और औकात में रहने की चेतावनी दी।
नहीं होने दिया सेल्समैनों का मेडिकल
पंप मालिक के अनुसार वह तीनों सेल्समैनों को लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचा। वहां पर उन्होंने रात को ही पर्ची कटवाकर डाक्टरों को दिखाने का प्रयास किया तो वहां मौजूद स्टाफ ने भी उनको पुलिस को साथ लेकर लाने को कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने चिकित्सकों के साथ मिलकर उनका मेडिकल भी नहीं होने दिया। रात को निजामपुर गश्त पर गए जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने गांव पांचनौता स्थित किसान सेवा केंद्र पर पहुंचे। वहां भी पुलिस कर्मचारियों ने पंप के कारिंदों को वाहनों में डीजल नहीं डालने को कहा।
पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने की बैठक
शनिवार रात की घटना के बाद रविवार सुबह रेवाड़ी रोड स्थित पेट्रोल पंप पर जिले की पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने बैठक की। बैठक में पुलिस की इस कार्रवाई पर रोष जताकर इस मामले में एसपी से मिलने का निर्णय लिया गया। दोषी पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की गई। बैठक में जिला प्रधान राजकुमार, मनीष मित्तल, भाजपा के जिला प्रधान कंवर सिंह, सुरेंद्र कुमार व सुनील कुमार उर्फ छोटेलाल सहित अनेक पेट्रोल पंप संचालक मौजूद रहे।