गांव पालड़ी के बस स्टैंड पर रोहतक डिपो की बस के स्टाफ पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। हमले में चालक-कंडक्टर और एक यात्री घायल हो गए। तीनों लोगों को सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। रोडवेज बस रोहतक से सुबह 6 बजे रोहतक से चलकर 8:15 बजे पालड़ी गांव पहुंची थी। स्टॉप पर कुछ युवकों ने बस के आगे पत्थर डालकर रोक लिया और चालक-कंडक्टर पर राड़, लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
इस दौरान हमले में बीच-बचाव करने आए यात्री ओमबीर गुर्जर को भी चोटें आई हैं। हमले में घायल चालक मंदीप और परिचालक संदीप कुमार को सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां पर उनका उपचार चल रहा है। चालक ने हमले के दौरान आरोपियों पर उसकी चेन झपटने का भी आरोप लगाया है।
तीन दिन से चल रहा था झगड़ा
बस चालक मंदीप के मुताबिक पिछले तीन दिन से पालड़ी गांव के कुछ युवक झगड़ा कर रहे हैं। आदमपुर तक बस सवारियों से भर जाती है, इसके बाद जब बस पालड़ी पहुंचती है तो वहां की सवारियों के लिए पैर रखने की भी जगह नहीं बचती। इसके बावजूद वहां रोकते हैं। भीड़ में पालड़ी के कुछ युवक बस में सवार होते ही छेड़छाड़ पर उतारू हो जाते हैं, पिछले तीन दिन से ऐसा हो रहा था। जब टोका तो युवकों ने हमला कर दिया। आदमपुर चौकी इंचार्ज अमीर सिंह ने बताया कि बस चालक-कंड़क्टर और घायल यात्री के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। अभी मामले की जांच चल रही है। उसके बाद ही कार्रवाई होगी।