सड़क दुर्घटना में एक की मौत, आठ घायल
नारनौल नागरिक अस्पताल से मंगलवार करीब बारह बजे दो प्रसुताओं को छोड़ने जा रही एंबुलेंस ने गांव नीरपुर के नजदीक रोडवेज चालक प्रशिक्षण बस को पीछे से टक्कर मार दी। जिसमें गांव नावदी निवासी एक प्रसूता पूनम पत्नी अजीत की मौत हो गई। जबकि एंबुलेंस चालक सहित दो नवजात शिशु, एक दो वर्षीय बच्चा, तीन महिलाएं व एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। चिकित्सकों ने सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने भी प्राथमिकता के आधार पर एंबुलेंस चालक व रोडवेज प्रशिक्षण बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव नावदी निवासी पूनम पत्नी अजीत को सोमवार रात्रि को नागरिक अस्पताल में लड़का हुआ था, वहीं गांव काकराला निवासी बाला पत्नी मनोज को भी दो दिन पूर्व लड़का हुआ था। जोकि मंगलवार को चेकअप करवाने के लिए नागरिक अस्पताल पहुंची थी। चेकअप करवाने बाद महिला के परिजनों ने एंबुलेंस सेवा की मांग। इस पर एंबुलेंस सेवा कर्मचारियों ने गांव नावदी निवासी प्रसूता पूनम के साथ ही प्रसूता बाला को भी बैठा दिया। एंबुलेंस में इन दो महिलाओं के अलावा प्रसूता पूनम की सास सविता, ससुर मिठ्ठनलाल, उसकी बड़ी बहन संगीता व उसका दो वर्ष बेटा वंश भी सवार हुए। इस प्रकार करीब नौ लोग एंबुलेंस में सवार थे। एंबुलेंस दोनों प्रसूताओं को नागरिक अस्पताल से लेकर नारनौल शहर के नजदीक के गांव नीरपुर से कुछ दूरी पर ही पहुंची थी कि सामने चल रही रोडवेज प्रशिक्षण चालक की बस में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसमें एंबुलेंस का सामने वाले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। जिसमें प्रसूता पूनम की मौत हो गई, जबकि अन्य सभी लोग गंभीर रूप घायल हो गए। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे महावीर चौकी प्रभारी नवल किशोर ने लोगों की सहायता से घायलों को पुलिस जिप्सी व अन्य निजी वाहनों द्वारा नारनौल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्रसूता पूनम को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य लोगों की गंभीर हालात के चलते उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया।
एंबुलेंस चालक पवन निवासी मंढाणा व रोडवेज प्रशिक्षण चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इस घटना में एक प्रसूता की मौत हुई है, जबकि एंबुलेंस चालक सहित अन्य लोग घायल हैं। -नवल किशोर, महावीर चौकी प्रभारी