जिला प्रशासन क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे बजरी वाशिंग प्लांटों के प्रति सख्त हो गया है। शुक्रवार को प्रशासन ने अवैध बजरी वाशिंग प्लांटों पर कार्रवाई की। इस दौरान दो वाशिंग प्लांट तोड़े और एक को सील किया गया। एसडीएम विवेक कालिया ने अवैध खनन की शिकायत मिलने पर शुक्रवार को नांगल चौधरी क्षेत्र के कई गांवों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने गांव दोखेरा, दोस्तपुर, दताल, भेडंटी, ढाणी जाजमा गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्या का निदान भी किया।
जिला प्रशासन को दोखेरा गांव से शिकायत मिल रही थी कि ठेकेदार ग्राम पंचायत की जमीन पर निर्धारित से अधिक स्थान पर खनन कर रहा है। इस पर एसडीएम ने डीएफओ, खनन अधिकारी और तहसीलदार की कमेटी गठित कर सेटेलाइट के माध्यम से मार्किंग कराई थी। उसी समय ठेकेदार को निर्धारित स्थान तक ही सीमित रहने के निर्देश दिए थे। एसडीएम ने शुक्रवार को गांव का औचक निरीक्षण किया तो ग्रामीणों ने कहा कि उनको अब किसी भी तरह की शिकायत नहीं है। इसके बाद कालिया दोस्तपुर के ग्रामीणों से मिले। राजस्थान के ठेकेदारों द्वारा यहां हैवी ब्लास्ट करने की शिकायत मिल रही थी। इस कारण दोस्तपुर आदि गांव के निवासियों का कहना था कि उनके मकानों में दरार आ रही है। इस मामले में जिला प्रशासन ने पिछले माह राजस्थान के अधिकारियों से पत्राचार करने के साथ ही बातचीत भी की थी। इस पर कार्रवाई कर राजस्थान प्रशासन द्वारा संबंधित ठेकेदारों को निर्देश जारी किए थे। इसी संबंध में शुक्रवार को एसडीएम ग्रामीणों से मिले। ग्रामीणों ने बताया कि अब हैवी ब्लास्ट की कोई परेशानी नहीं है।
दोस्तपुर में तुड़वाए दो अवैध प्लांट
इससे पहले एसडीएम ने दोस्तपुर में दो अवैध वाशिंग प्लांट तुड़वाएं। यहां पर जिन ठेकेदारों ने लीज छुड़वाई है, उन्हें एसडीएम ने निर्देश दिए कि वे यहां पर तभी कार्य शुरू करें जब सभी प्रकार की मंजूरी उनको मिल जाए। इससे पहले किसी भी तरह की गतिविधियां शुरू नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा गांव ढाणी जाजमा में एक वाशिंग प्लांट को सील किया गया।
ग्रामीण टोल फ्री नंबर पद दे सूचना
एसडीएम विवेक कालिया विभिन्न गांवों के सरपंचों और ग्रामीणों से भी मिले। उन्होंने आह्वान किया कि वे किसी भी प्रकार की अवैध खनन की सूचना तुरंत जिला प्रशासन को टोल फ्री नंबर 18001801050 पर दें। इसके अलावा एसडीएम कार्यालय के नंबर 01282-251153 पर संपर्क कर सकते हैं।