अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। गत दो फरवरी को गांव डोहर खुर्द के सरसों के खेत में बरामद हुए गांव मुढ़ारी उत्तर प्रदेश निवासी पंचम पुत्र धनीराम का गले सड़े शव मामले में पुलिस ने हत्यारों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। इस मामले में आरोपी गांव डोहर खुर्द निवासी नवीन को पुलिस ने रविवार सायं को गांव से गिरफ्तार किया। जिसे सोमवार को नारनौल न्यायालय में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया। हत्यारोपी नवीन ने पंचम की पांच हजार रुपये के लिए कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी थी।
सदर थाना पुलिस प्रभारी नवल किशोर के अनुसार मृतक पंचम निवासी उत्तर प्रदेश करीब 2 महीने से गांव डोहर खुर्द में अपने साथियों के साथ किराये के मकान में रहता था। गांव में ही मजदूरी का कार्य करता था। आरोपी नवीन का मकान भी उसके मकान के साथ में होने के कारण दोनों में अच्छी जान पहचान हो गई थी। दोनों अकसर मिलते रहते थे। परंतु मृतक पंचम अचानक लापता हो गया। इस पर उसके साथियों ने इसकी जानकारी पंचम के परिवार को दी। इसके बाद गांव से पंचम पिता धनीराम व अन्य परिवार के सदस्य 24 तारीख को गांव डोहर पहुंचे और अपने स्तर लड़के की तलाश की, लेकिन पंचम सिंह का कोई सुराग नहीं लगा। इस पर उसके पिता धनीराम ने 31 जनवरी को गहली चौकी में पंचम के गुम होने की दरखास्त दी। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर पंचम की तलाश शुरू कर दी।
दो फरवरी को गांव डोहर खुर्द से पुलिस को सूचना मिली की गांव डोहर खुर्द निवासी ओमप्रकाश के खेत में एक गला सड़ा शव पड़ा हुआ है। जिसके बाद थाना सदर प्रभारी नवल किशोर पुलिस कर्मचारियों के साथ गांव में सरसों के खेत में पहुंचे। जहां पर गुम हुआ पंचम के पिता धनीराम को भी बुलाया गया तो शव की पहचान पंचम के रूप में हुई। पंचम के सिर में चोट के निशान होने पर धनीराम के ब्यान पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ थाना सदर नारनौल में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। वहीं शव का पीजीआई रोहतक से शव का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद पुलिस ने हत्या करने वाले अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
एक झूठ ने सुलझाई हत्या की गुत्थी
पुलिस के अनुसार मृतक पंचम गांव डोहर खुर्द में जिस मकान में किराये पर रहता था। उसी मकान के साथ में ही आरोपी नवीन का मकान था। दोनों हम उम्र होने पर दोस्ती भी हो गई थी। खाली समय में दोनों अक्सर साथ रहते थे। हत्या वाले दिन इन दोनों को शाम के समय गांव के ही एक व्यक्ति ने खेत की तरफ जाते हुए देखा था। जब पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो आरोपी ने पंचम को सुबह से ही नहीं देखने की बात कही और यही झूठ उसकी पकड़ी गई। जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने ही हत्या करने की बात कबूल ली। वहीं इस हत्या में दो और लड़के विकाश व केशव निवासी डोहर खुर्द साथ होने के बारे में भी बताया। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
पांच हजार रुपये के लालच में की हत्या
20 जनवरी को हत्या वाले दिन पंचम ने आरोपी नवीन को बताया कि मेरे पास पांच हजार रुपये हैं और बकायदा पंचम ने रुपये निकाल कर भी दिखाए थे। आरोपी नवीन के परिवार में 22 जनवरी को कुआं पूजन का कार्यक्रम था। इसलिए खर्चे के लिए नवीन को रुपयों की जरूरत थी। इस पर आरोपी के दिमाग में पंचम की हत्या कर रुपये निकालने का लालच आ गया और तभी आरोपी नवीन अपने घर गया और वहां से एक कुल्हाड़ी अपनी पेंट कमीज के नीचे पीछे अंदर की तरफ छुपा लाया। फिर गांव के ही दो अन्य युवकों को साथ लेकर खेत में शौच करने के बहाने ले गया। चारों गांव से बाहर सरसों के खेत में चले गये। जब मृतक पंचम शौच के लिए बैठ गया तभी आरोपी ने कहा कि वह एक फोन कर लेता है। इस पर नवीन एकदम पंचम के पीछे आ गया और कुल्हाड़ी निकाल कर पंचम के सिर में तीन चार वार कर दिए। यह देख साथ आये दोनों युवक डर के मारे भाग गये। वहीं आरोपी ने पंचम की हत्या कर उसकी जेब से रुपये निकाल कर घर आ गया।