अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। महेंद्रगढ़ ब्लॉक के एक गांव में विवाहिता को जूस में नशीला पदार्थ पिलाकर दुुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपी ने वीडियो क्लिप विवाहिता के पति समेत कुछ अन्य लोगों को भी भेजी है। महिला थाना पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर दुष्कर्म के आरोपी और वीडियो बनाने वाले साथी के खिलाफ केस दर्ज किया है। दोनों आरोपी फरार हैं।
महेंद्रगढ़ के एक गांव निवासी 20 वर्षीय युवती की शादी राजस्थान में हुई है। पीड़िता ने महिला थाना पुलिस में सोमवार को शिकायत दी कि चरखी दादरी निवासी इंद्र कौशिक का उसके घर आना-जाना था। आरोप है कि दिसंबर 2017 को इंद्र उसके घर आया। वह घर पर अकेली थी। आरोपी ने उसे पीने के लिए जूस दिया। जूस पीते ही वह बेहोश हो गई। होश आने पर आरोपी ने दुष्कर्म की वीडियो दिखाई और बाद में ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
शिकायत के अनुसार, पीड़िता आठ फरवरी 2019 को मायके आई थी। आरोपी इंद्र कौशिक उसके गांव आ गया और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी ने कहा कि वह पति को छोड़कर उससे शादी कर ले। मना करने पर वीडियो वायरल की धमकी दी। उसने पति और भाई को आपबीती बताई तो मामला पुलिस में पहुंचा। पीड़िता का आरोप है कि इंद्र कौशिक ने उसकी सोने की अंगूठी और चेन भी धमका कर ली है। पीड़िता ने अश्लील वीडियो समेत अन्य सबूत भी पुलिस को उपलब्ध करवाए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। महिला थाना प्रभारी शारदा देवी ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल कराया गया है। मंगलवार को 164 के तहत बयान दर्ज किए हैं। आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।