इंजन बंद कराने पर भड़के युवकों ने नहर विभाग के कर्मचारियों को पीटा
गिरफ्तार किए गए तीन आरोपी कोर्ट में पेश, नसीबपुर जेल भेजने के आदेश
फोटो नंबर 17
अमर उजाला ब्यूरो
नांगल चौधरी। नोलपुर डिस्ट्रीब्यूटरी पर इंजन बंद कराने की प्रक्रिया से भुंगारका निवासी चार युवक आक्रोशित हो गए। उन्होंने पंप हाउस-5 पर ड्यूटी दे रहे कर्मियों के साथ मारपीट कर दी। कर्मचारियों ने नामजद आरोपियों के खिलाफ नांगल चौधरी थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। इस पर पुलिस ने तीन आरोपियों को वीरवार को गिरफ्तार कर लिया।
बुधवार की रात भुंगारका के पंप हाउस पर तीन कर्मचारी तैनात थे। उन्हें इंजन बंद करवाकर पानी टेल पर पहुंचाने के आदेश मिले थे। देर सायं पंप हाउस से पिछले सभी इंजन बंद करवा दिए गए। गश्त करने के बाद खाना खाने एलएनडी-5 पर पहुंचे थे। इसी दौरान मौके पर पहुंचे भुंगारका निवासी चार युवकों ने गाली देना शुरू कर दिया। कारण पूछने पर उन्होंने इंजन चलाने की इजाजत देने के निर्देश दिए। उच्चाधिकारियों से संपर्क करने की हिदायत देने पर आरोपी भड़क गए और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान दो कर्मचारियों मनोज कुमार व कपिल कुमार को गंभीर चोट लगी। उन्हें बेहोशी की हालत में नारनौल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं तीसरे कर्मचारी को मामूली चोट लगी। उसने विभाग के एसडीओ नितिन भार्गव व अन्य अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद एसडीओ ने नांगल चौधरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर नांगल चौधरी पुलिस घटनास्थल पहुंची और घायल कर्मचारी से आरोपियों के बारे पूछताछ की। उन्होंने चारों आरोपी भुंगारका निवासी होने के बयान दिए। नाम की पुष्टि होने के बाद दो आरोपी देर रात गिरफ्तार कर लिए गए। दो को वीरवार सुबह दबिश देकर गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान पाया कि एक आरोपी मारपीट में शामिल नहीं मिला। जिसे छोड़ दिया गया, कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद तीन को नारनौल कोर्ट में पेश किया।
तीनों आरोपियों को भेजा जेल
थाना प्रभारी शफीउद्दीन ने बताया कि भुंगारका निवासी मनपाल डेलीगेट, संदीप कुमार, कपिल ने नहर विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट की है। चौथा आरोपी मौके पर खड़ा था, किंतु मारपीट में सहयोग नहीं किया। इस कारण उसे गिरफ्तार नहीं किया। आरोपियों को कोर्ट ने नसीबपुर जेल भेज दिया है।
जोहड़ भरने और वाटर टैंक भरना प्राथमिकता
नहरी पानी सप्लाई के दौरान जोहड़ व वाटर टैंक भरना अनिवार्य होता है। पानी अतिरिक्त रहने की स्थिति में किसान फसल सिंचाई कर सकते हैं। जोहड़ भरने के मकसद से इंजन बंद कराए गए थे। भुंगारका के युवकों ने कर्मचारियों पर हमला करके इंजन चलाने का प्रयास किया है। उनके खिलाफ पुलिस में केस दर्ज करवाया गया है।
नितिन भार्गव, एसडीओ, सिंचाई विभाग