अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। यहां के गांव सुरानी के बस स्टाप पर रविवार रात 11 बजे एक डंपर चालक से गांव के ही दो युवकों द्वारा 45 हजार रुपये लूटने का मामला आया है। वहीं पुलिस इसे लूट न बताकर आपसी लेनदेन के बीच हुआ झगड़ा बता रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में लगी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बसई गांव का 35 वर्षीय जोगेंद्र सुरानी गांव के रतन का डंपर चलाता है। रविवार शाम को वह रतन को 45 हजार रुपये देने के लिए गया था। इस दौरान सुरानी बस स्टाप पर गांव के ही दो युवकों ने उसके साथ मारपीट की तथा 45 हजार रुपये लूट लिए। जिसकी सूचना उसने मालिक रतन सिंह को दी। रतन सिंह ने इस बारे में पुलिस को बताया तथा घायल ड्राइवर को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां पुलिस ने चालक के बयान दर्ज किए। वहीं इस बारे में सदर एसएचओ राजेंद्र ने बताया कि मामला लूट का नहीं लग रहा। फिलहाल जांच चल रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।