अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल।
जिले में ओवरलोड का खेल रुक नहीं रहा है। शनिवार रात से रविवार दोपहर तक ओवरलोड चालकों की दादागिरी सड़क पर साफ दिखाई दी। ओवरलोड चालक अपने वाहनों को नाके पर पहुंचने से पहले ही सड़क पर खड़ा कर रफूचक्कर हो गए। जिसके कारण शनिवार रात व रविवार को सुबह महेंद्रगढ़ रोड व बाईपास पर जाम की स्थिति बनी रही। वहीं लाचार पुलिस खड़े ओवरलोड डंपरों का चालान भी नहीं कर पाई। बाद में पुलिस के जाते ही ओवरलोड चालक अपने डंपरों को ले गए।
शनिवार रात को महेंद्रगढ़ रोड पर बाईपास स्थित नाके पर पुलिस द्वारा ओवरलोड वाहनों को चेक किया जा रहा था। वहीं नारनौल से रात को आठ बजे बाद निकलने वाले डंपर जब नाके के पास पहुंचे तो चेकिंग के डर से चालक अपने डंपर को वहीं छोड़ फरार हो गए। इसके बाद नारनौल से बाईपास व महेंद्रगढ़ रोड से निकलने वाले वाहनों की कतार बढ़ती गई। जिसके कारण रात को करीब नौ बजे ही इस रोड पर जाम की स्थिति बन गई इससे महेंद्रगढ़ रोड पर जाने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह दस बजे तक रही यही स्थिति
सुबह दस बजे तक रोड के दोनों ओर व बाईपास पर सैकड़ों की संख्या में ट्रकों की लाइन लगी हुई थी। जबकि उनके चालक वहां पर मौजूद नहीं थे। जिसके कारण इस मार्ग पर रात भर व सुबह दस बजे तक आने-जाने वालों को हुई परेशानी
पुलिस के जाते ही ले गए डंपर
सुबह करीब 11 बजे वहां से पुलिस चली गई। जिसके बाद डंपर चालक अपना-अपना डंपर लेकर विभिन्न मार्गों से रफूचक्कर हो गए। इन वाहनों के पुलिस चालान भी नहीं कर पाई।
ओवरलोड वाहनों पर लगाम लगाने के लिए रात को विभिन्न नाकों पर पुलिस तैनात की गई थी, मगर ओवरलोड चालक अपना ट्रक रोड पर ही छोड़ कहीं चले गए। जिसके कारण चालान भी नहीं कर पाये। सुबह पुलिस के हटने के बाद ट्रक चालक अपने वाहनों को लेकर चले गए। - राजेंद्र कुमार, ट्रैफिक एसएचओ, नारनौल।