डिप्टी स्पीकर के खिलाफ कांग्रेसियों ने खोला मोर्चा
ड्राइवर के गांव वालों ने थाने में पहुंचकर जताया रोष
महेंद्रगढ़। डिप्टी स्पीकर संतोष यादव के भतीजे द्वारा ड्राइवर के साथ की गई मारपीट मामले में आरोपी को नहीं पकड़े जाने पर ड्राइवर संदीप के गांव वालों ने थाने पहुंचकर पुलिस के खिलाफ रोष जताया। वहीं इस मामले में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है।
गांव खेड़ा के ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस राजनीतिक दबाव में आकर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है और मामले को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारे ऊपर राजीनामा का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा पुलिस ने आरोपी को पकड़ने की बजाय लड़के संदीप पर झूठा मुकदमा दर्ज कर दिया। कल तक संदीप के ऊपर से केस वापिस नहीं लिया तो सोमवार को नारनौल सचिवालय में धरने पर बैठेंगे । धरने में गाँव की अनेक महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति गुंडागर्दी को नहीं सहा जाएगा। वो न्याय लेकर रहेंगे चाहे उसके लिए उन्हें कुछ भी करना पड़े।
अपराधी, अपराधी ही होता है : हिम्मत
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी विचार प्रकोष्ठ के चेयरमैन एवं कांग्रेस पार्टी के युवा जिला उपाध्यक्ष डॉ. हिम्मत यादव ने कहा कि सरताज ग्रुप के पीआरओ कुलदीप सिंह की गाड़ी को कुकसी गांव में टक्कर मारने तथा गाड़ी चालक से मारपीट करने के आरोपी को संतोष यादव बचाने में जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि अपराधी, अपराधी ही होता है वह चाहे घर-परिवार का ही क्यों न हो। उन्होंने कहा कि डिप्टी स्पीकर संतोष यादव को अपराधी को बचाव करने की बजाय कानून को अपना काम करने देने की हिमायत करनी चाहिए। जिससे समाज में शांति व्यवस्था बनी रह सके।