नारनौल। जिले के एक गांव में मां के साथ अवैध संबंधों होने के शक में भतीजे ने चाचा की बीती रात पीट-पीटकर हत्या कर शव खेत में फेंक दिया। हत्या की सूचना मिलने पर वीरवार सुबह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। पुलिस ने मृतक के परिजनों व गांव के लोगों से घटना बारे जानकारी हासिल की। मृतक के बड़े भाई ने अपने ताऊ के पोते पर साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात 42 वर्षीय व्यक्ति की उसके भतीजे ने अपने साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वीरवार सुबह व्यक्ति का शव गांव के निकट खेत में पड़ा मिला। सुबह सैर करने के लिए खेतों की तरफ गए गांव के व्यक्ति ने व्यक्ति का शव पड़ा देखा तो इसकी जानकारी उसके परिजनों को दी। शव पड़ा होने की जानकारी मिलने पर मृतक का बड़ा भाई खेत में पहुंचा और शव की पहचान की। मृतक के शरीर पर चोट के अनेक निशान मिले। इसके बाद हत्या की जानकारी गांव के अन्य लोगों और पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का मौका मुआयना किया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए नारनौल के नागरिक अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने इस संदर्भ में कार्रवाई करते हुए मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए।
ये लगाए आरोप
पुलिस को दिए बयान में मृतक के भाई ने बताया कि मृतक उसका छोटा भाई अविवाहित था और मजदूरी का कार्य करता था। काम के सिलसिले में वह पिछले 10 साल तक वह सिरसा में किराए के मकान में रहता था। अब दो साल से वह गांव में उसके साथ रह रहा था। बुधवार रात को गांव में लड़की की शादी थी। शादी समारोह में मैं तथा मेरा छोटा भाई कन्यादान करवाने गए थे। कन्यादान करवाने के बाद मैं वापस घर आ गया और मेरा भाई खाना खाने के बाद करीब 11 बजे घर आया था। इसके बाद छोटा भाई सोने के लिए गांव के परिचित के घर जाने की बात कहकर घर से निकला था। तभी उसके पीछे-पीछे मेरे ताऊ का पोता भी चला गया। इसके बाद मेरा भाई परिचित के घर नहीं पहुंचा। सुबह गांव के व्यक्ति ने घर आकर बताया कि तुम्हारा भाई खेत में पड़ा हुआ है। इसके बाद खेत में जाकर देखा तो वह मृत पड़ा हुआ था। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसके ताऊ के पोते को शक था कि उसकी मां और चाचा (मृतक) के बीच अवैध संबंध हैं। इसी शक के चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से पीटकर उसकी हत्या कर दी।
मृतक के भाई के बयान पर पुलिस ने ताऊ के पोते समेत अन्य पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर शव का नारनौल के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार अभी इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
- अमरदीप, फैजाबाद चौकी प्रभारी।