छात्रा की मौत के बाद युवक ने भी खाया जहर
परिजनों ने लगाया छात्रा को जबरदस्ती जहर खिलाने का आरोप, युवक की हालत गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो
कनीना।
राजकीय महाविद्यालय में बीएससी प्रथम वर्ष की एक छात्रा की जहर के प्रभाव से मौत को गई। छात्रा के परिजनों ने एक युवक पर उसको जहर खिलाकर मारने का आरोप लगाया है। दूसरी तरफ युवक ने भी जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया है। उसका अभी एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
छात्रा के दादा के बयान पर कनीना सिटी पुलिस ने युवक पर हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक निकिता कनीना कॉलेज में पढ़ती थीं। सोमवार को उसके परिजनों को सूचना मिली कि वह कनीना के एक निजी अस्पताल में दाखिल है। परिजनों ने जाकर देखा तो छात्रा जिंदगी और मौत से लड़ रही थी। इसके बाद जहर के प्रभाव से उसकी मौत हो गई। छात्रा के दादा सुमेर सिंह के बयान पर पुलिस ने कनीना वासी सोनू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। बयान में कहा गया है कि सोनू ने उनकी पौत्री को जहर खिलाया है। इससे उसकी मौत हो गई। दूसरी तरफ सिटी थाना प्रभारी बलवंत सिंह का कहना है कि पंचनामा करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।