बाईपास से कोरियावास मोड़ पर रविवार सुबह करीब नौ बजे एक स्कार्पियो और बुलेरो गाड़ी की टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों गाड़ियों में सवार करीब 19 लोग घायल हो गए। घायलों में से नौ की गंभीर हालत को देखते हुए आगामी उपचार के लिए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। वहीं चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। अन्य घायलों का यहां के सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों गाड़ियों में सवार लोग अलग-अलग शोक सभाओं में जा रहे थे। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
गांव कोरियावास से एक बुलेरो में सवार होकर महिलाएं और पुरुष कांटी में एक शोक सभा में भाग लेने जा रहे थे। अभी वे गांव के रास्ते से बाईपास पर चढ़े ही थे कि निजापमुर टी प्वाइंट की ओर से तेज गति से आ रही एक स्कार्पियो गाड़ी की उनके साथ भिड़ंत हो गई। इसके कारण बुलेरो रोड के साथ लगते गड्ढों में जा गिरी तथा इसमें सवार दस लोग घायल हो गए। वहीं स्कार्पियो में सवार नौ लोग भी घायल हो गए। हादसे के बाद वहां आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत सभी को एक निजी वाहन में डालकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां से बुलेरो में सवार गांव कोरियावास निवासी छह लोगों तथा स्कार्पियो में सवार राजस्थान के गांव बानसूर निवासी तीन लोगों को रेफर कर दिया गया।
दोनों जा रहे थे शोक सभा में
दोनों गाड़ियों में सवार लोग शोक सभा में जा रहे थे। इनमें से बुलेरो गाड़ी में सवार लोग कोरियावास से कांटी शोकसभा में जा रहे थे। वहीं स्कार्पियो में सवार लोग राजस्थान के कोटपुतली के पास स्थित बानसूर से राजस्थान के सिंघाना के पास स्थित फागवा गांव में शोक सभा में जा रहे थे।
ये हुए घायल
इस हादसे में बुलेरो के ड्राइवर समेत कोरियावास के दस लोग घायल हो गए। इनमें आठ महिलाएं हैं। इनमें चिंटू (54) पत्नी घनश्याम, नवीना (30) पत्नी लालचंद, ड्राइवर भूपेंद्र (28) पुत्र फूलचंद, चंद्रकला (60) पत्नी महेंद्र, सावित्री (55) पत्नी शादीलाल, रीना (37) पत्नी नरेश, शीला (40) पत्नी राजेश, कृष्णा (60) पत्नी बनवारी, बलवंती (70) पत्नी जगमाल तथा लालचंद (35) पुत्र मातादीन शामिल हैं। इनमें से चिंटू देवी, भूपेंद्र, चंद्रकला, रीना, शीला, बलवंती को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। वहीं स्कार्पियो में सवार बानसूर के आठ लोग भी घायल हो गए। इनमें नरेंद्र (24)पुत्र बलबीर, प्रवेश (32), निशा (29)पत्नी नवल, मातादीन (60) पुत्र उमराव, रामकरण (50) पुत्र बाबूलाल शामिल हैं। जिनमें से नरेंद्र, मातादीन तथा रामकरण को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। वहीं स्कार्पियो सवार सुशीला पत्नी गिरीराज, मोहिनी पत्नी घनश्याम, मनीषा पत्नी महिपाल तथा सावित्री पत्नी अशोक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। अन्य घायलों का स्थानीय नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है।