अमर उजाला ब्यूरो
नांगल चौधरी। नारनौल से जयपुर जा रही दादरी डिपो की बस ने दोपहर करीब ढाई बजे कांवी के पास बाइक सवार को चपेट में ले लिया, जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। इससे आक्रोशित लोगों ने शव रखकर नारनौल-कोटपूतली हाईवे को जाम कर दिया। नारनौल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देख लोगों ने हुटिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद नांगल चौधरी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लोगों को समझाने के बाद शाम चार बजे जाम खुला।
पुलिस के अनुसार बसीरपुर निवासी राजवीर बाइक से नांगल चौधरी से नारनौल आ रहा था। अभी कांवी बस स्टैंड के नजदीक ही पहुंचा था कि नारनौल से जयपुर जा रही दादरी डिपो की बस ने ट्राले से ओवरटेक किया और बाइक सवार को चपेट में ले लिया। इससे राजवीर की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद चालक बस को भोजावास के पास पेट्रोल पंप के पास बस को खड़ी कर फरार हो गया। इससे आक्रोशित भीड़ ने सड़क मार्ग जाम कर दिया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नारनौल सामान्य अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने लोगों को रायमलिकपुर पेट्रोल पंप पर लूट की घटना का हवाला देकर समझाने का प्रयास किया। एक घंटे बाद शाम चार बजे जाम खुला।
वर्जन
रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया है। चालक फरार है। चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
- जगदीश जाखड़, जांच अधिकारी, थाना नांगल चौधरी।