सीमेंट की टाइल मारकर मजदूर की हत्या
-मैरिज पैलेस के पास लहूलुहान हालत में मिला शव
-वीरवार शाम को शराब लाने की बात कहकर निकला था घर से
फोटो नंबर 14 से 16
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। महेंद्रगढ़ रोड पर शिव कॉलोनी में किराये के मकान पर रहने वाले मध्यप्रदेश निवासी मजदूर की लोगों ने सीमेंट की टाइल से हमला कर हत्या कर दी। मजदूर का शव लहूलुहान हालत में शुक्रवार की सुबह यहां के एक मैरिज पैलेस के सामने पीपल के पेड़ के पास उसकी पत्नी को ही मिला। शव के पास खून से सनी हुई सीमेंट की टाइल भी मिली है। इसकी सूचना आसपास के लोगों ने सुबह पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लिया। इसके बाद परिजनों के बयान पर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
यहां के 220 केवी बिजली सबस्टेशन के सामने शिव कॉलोनी में अनेक प्रवासी मजदूर किराये का मकान लेकर रहते हैं। वहीं कई मजदूर खाली प्लॉट में झोपड़ी बनाकर भी रह रहे हैं। मध्यप्रदेश के जिला छतरपुर के गांव अटकोहा निवासी अनारीलाल (44) पुत्र खुबाराम भी पिछले कई सालों से पत्नी मीना व 7 वर्षीय बच्चे के साथ नारनौल में किराये के मकान में रह कर मजदूरी करता था। मृतक की पत्नी के अनुसार वीरवार को मजदूरी का कार्य न मिलने के कारण दिन भर वह घर पर ही था। वह शाम को पत्नी से ठेके पर जाकर शराब लाने की बात कहकर घर से निकला था।
मृतक की पत्नी मीना के अनुसार वह रात भर घर नहीं लौटा। देर रात तक घर न लौटने पर उसने अपने 7 वर्षीय बच्चे को साथ लेकर उसे आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। अनारीलाल के रात भर घर न लौटने पर परेशान पत्नी मीना शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे ही अपने बच्चे को लेकर उसकी में निकल पड़ी। खोजती हुई पत्नी राधा-कृष्ण मैरिज पैलेस के निकट स्थित ठेके की तरफ निकली तो उसने मैरिज पैलेस के निकट पीपल के पेड़ के नीचे पड़े पति के लहूलुहान शव को देखा। महिला ने इसकी जानकारी अपने परिवार के अन्य लोगों को दी। सूचना मिलने पर परिवार कई सदस्य मौके पर पहुंचे। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
इस बीच पुलिस को जब हत्या होने की सूचना मिली तो शहर थाना प्रभारी रणजीत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने परिजनों से पूरी जानकारी एकत्र की। एसएचओ ने मौके पर मौजूद परिजनों को हत्या की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। इस संबंध में थाना शहर एसएचओ रणजीत सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।