महेंद्रगढ़। केंद्रीय सहकारी बैंक के मैनेजर पर आठ-दस लोगों ने जानलेवा हमला किया। बाइकों पर सवार होकर आए हमलावरों में से कुछ ने नकाब लगा रखे थे। हमलावरों ने बैंक मैनेजर की कनपटी पर पिस्तौल लगाकर जान से मारने की धमकी भी दी।
पुुलिस को दिए बयान में सतबीर सिंह ने बताया कि वह आदर्श कॉलोनी महेंद्रगढ़ में रहता है। शहर में ही केंद्रीय सहकारी बैंक में शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत है। नौ जून की शाम करीब सात बजे अपने निजी काम से कार में सवार होकर गंगा देवी अस्पताल की तरफ जा रहा था। वह अस्पताल से कुछ दूर आगे पहुंचा था कि 4-5 बाइकों पर 8-10 युवक आए और कार के आगे बाइक लगाकर मुझे रोक लिया। एक नकाबपोश लड़के ने कनपटी पर पिस्तौल लगा दी। इसके बाद सभी लड़कों ने गाड़ी से अपहरण कर खेतों में झाड़ियों की ओर ले गए।
पीड़ित ने बताया कि इस दौरान रवि गोस्वामी के हाथ मे लोहे की रॉड थी। खेतों में हमलावरों ने उसके सिर पर रॉड से हमला करने का प्रयास किया। जिस पर उसने बचाव में अपने हाथ आगे कर दिए, जिससे उसके हाथों पर चोट लगी। मैनेजर ने आरोप लगाया कि रवि की दुकान पर काम करने वाले दूसरे लड़के ने दाहिने पैर पर रॉड से हमला कर दिया। जबकि धर्मेंद्र ने दूसरे पैर पर रॉड से चोेट मारी। हमलावरों में कुछ नकाबपोश थे। झगड़े का शोर सुनकर आसपास के लोग आए तो हमलावर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि मौके पर पहुंचे राज, गौरव, राजेंद्र ने उसे हमलावरों से बचाया और उपचार के लिए उप नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हमले का कारण
सतबीर ने कहा कि हमलावर उससे मारपीट करते समय कह रहे थे कि महावीर, सुरेन्द्र पालडी (दादरी) और प्रवीण रामलवास (दादरी) के खिलाफ डाले गए मुकदमे को वापस ले लो। अगर सभी मुकदमे वापस नहीं लिए तो तुम्हें जान से मार देंगे।
वर्जन
बैंक मैैनेजर सतबीर की शिकायत पर हमलावरों पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- सुनील कुमार, थाना प्रभारी, महेंद्रगढ़।