कनीना। अटेली मार्ग पर रविवार रात्रि को पड़तल, मोहनपुर के मध्य ट्राले और ट्रक की भिड़ंत में क्लीनर की मौत हो गई। पुलिस ने जांच कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान बिलावल निवासी प्रदीप कुमार 21 वर्ष जिला चरखी दादरी के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रदीप बहादुरगढ़ के ट्रक पर ड्राइविंग सीखने के लिए आया था। वह एक-दो बार ही ट्रक के साथ आया था। ट्रक के चालक नवीन वासी बहादुरगढ़ ने पुलिस को बताया कि उनका ट्रक कनीना से अटेली की ओर जा रहा था, जोकि पड़तल के पास खराब हो गया था। वह उसे ठीक कर रहा था। इतने में ही पीछे आ रहे ट्राला चालक ने टक्कर मार दी, जिससे हेल्पर प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। टक्कर लगने से दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
अधिकारी विजयपाल सिंह ने बताया कि मृतक प्रदीप कुमार का पंचनामा करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया है और चालक नवीन कुमार की शिकायत पर ट्राला चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।