नारनौल। गांव जाखड़ी में शराब के ठेके को लगाई आग में झुलसने से उपचाराधीन कारिंदे की जयपुर के एक निजी अस्पताल में शुक्रवार को मौत हो गई। इस मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने पहले खटोटी गांव में तो बाद में नारनौल के कोरियावास बाईपास पर शव रखकर जाम लगा दिया। नाराज लोगों ने पुलिस पर ठेके को आग लगाने के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करने का आरोप लगाया है। जाम लगने से वाहनों का आवागमन रुकने पर पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया। मौके पर पुलिस बल मौजूद था। खबर लिखे जाने तक ग्रामीण बड़ी संख्या में शव रोड पर रखकर नारेबाजी कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार जाखड़ी गांव के पास एक शराब का ठेका है। ठेके पर गांव जाखनी निवासी ओम प्रकाश बतौर सेल्समैन का कार्य करता था। 22 मई की रात एक बजे तीन-चार युवक ठेके पर पहुंचे। आरोपियों ने ओम प्रकाश से शराब मांगा। नींद में होने के कारण ओम प्रकाश ने ठेका नहीं खोला। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने ठेके में आग लगा दी। आग से ओम प्रकाश झुलस गया। भतीजे बिल्लू ने बताया कि चाचा ओम प्रकाश को जयपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चाचा की शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। भतीजे का आरोप है कि चाचा ने आरोपियों के नाम पुलिस को बताया था। लेकिन, पुलिस ने इसमें कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। नौ दिन बाद चाचा की मौत हो गई। भतीजे बिल्लू ने बताया कि चाचा ने होश में बयान दिया था। इसके बाद पुलिस ने किसी भी आरोपी पर कार्रवाई नहीं की। एक को पूछताछ के बाद छोड़ दिया। पुलिस कार्रवाई से नाराज लोगों ने पहले लोगों ने शुक्रवार की रात आठ बजे खटोटी गांव के पास जाम लगाया। इसके बाद रात 9.20 बजे पर कोरियावास गांव के पास जाम लगा दिया। इससे नांगल चौधरी और नारनौल रोड पर यातायात प्रभावित हुआ। लोगों को समझाने के लिए डीएसपी मित्रपाल, एचएचओ सदर समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे थे। लेकिन, लोग शव को लेकर सड़क पर रात 10 बजे तक बैठे हुए थे।
इस केस में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज है। सभी आरोपी फरार चल रहे हैं। पीड़ित पक्ष गांव के लाला नामक युवक का नाम ले रहा है। इसकी जांच की जा रही है कि वह इसमें शामिल था या नहीं। पुलिस टीम मौके पर है स्थित कंट्रोल में है।
- चंद्रमोहन, एसपी