नारनौल। जिला जेल नसीबपुर में दुष्कर्म के आरोपी की मौत के मामले में सिटी थाना पुलिस ने सोमवार को अज्ञात बंदियों पर हत्या, मारपीट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जेल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की है। जिससे मौके से साक्ष्य जुटाए जा सकें। दुष्कर्म के आरोपी महेश को जेल में कैदियों द्वारा पीटकर घायल करना सुरक्षा पर सवाल उठाता है। ऐसे में सवाल उठाते हैं कि आरोपी के पास कैसे दूसरे कैदी पहुंचे। बंदी के साथ मारपीट के दौरान जेल में तैनात गारद कहां थे। इससे जेल की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगते हैं। हाल में कई अन्य जेल में भी दुष्कर्म के आरोपियों के साथ मारपीट की वारदातें होना सामने आ चुकी हैं।
मेडिकल कराने के बाद भेज दिया था जेल
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी महेश के शरीर पर आंतरिक चोटें लगी थी। अशंका जताई जा रही है कि जेल में बंदियों/कैदियों ने उसकी जमकर पिटाई की होगी। जिससे उसकी तबीयत अधिक खराब हुई और मौत हो गई। महिला थाना पुलिस आरोपी महेश को पुलिस रिमांड पर भी नहीं लिया था और मेडिकल कराने के बाद जेल भेज दिया था।
क्या है मामला-
जिले के एक गांव में सात माह की बच्ची से 22 मई को दुष्कर्म करने का मामला सामने आया था। आरोपी और पीड़ित एक ही मकान में रहते थे। 22 मई की सुबह करीब 11 बजे बच्ची की मां पानी लेने गई थी। इसी दौरान महेश कमरे में आया और बच्ची से दुष्कर्म किया। शिकायत पर महिला पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को अरेस्ट कर लिया। बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया था।
जेल प्रबंधन की शिकायत पर अज्ञात पर हत्या, मारपीट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीम ने जेल का दौराकर जानकारी जुुटाई है। मामले में वार्डन समेत अन्य से पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने आरोपी महेश को गिरफ्तार करने के बाद मेडिकल कराकर जेल भेज दिया था।
- चंद्रमोहन, एसपी, नारनौल