अमर उजाला ब्यूरो
मंडी अटेली। अटेली कस्बे में मंगलवार की रात एक ज्वेलरी की दुकान का शटर तोड़कर चोर गहने और कैश ले गए। दूसरी दुुकान में चोरी की वारदात को अंजाम नहीं दे सके। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शहर में आए दिन हो रही चोरियों से लोगों में रोष व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार कस्बे के मुख्य बाजार में रेलवे फाटक के समीप सत्यनारायण की ज्वेलरी की दुकान है। मंगलवार की रात बदमाश शटर उखाड़ कर दो किलो चांदी, 11 ग्राम सोना व 1500 रुपये नगदी चोर उठा ले गए। इसमें कुछ आर्टिफिशियल गहने थे। दुकानदार को सुबह इसकी जानकारी मिली। इसी दुकान के समीप परमानंद होलमार्क की दुकान में भी सीढ़ियों के साथ लगती दुकान में चोरी की नीयत से दीवार में छेद कर दिया। लेकिन, दीवार में लेंटर होने के कारण चोर वारदात को अंजाम नहीं दे पाए।
कस्बे में लगातार हो रही चोरियों को लेकर अटेली पुलिस के प्रति गहरा लोगों में रोष है। अटेली थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर चोरी होना पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्न खड़ा हो गया है। एक दिन पहले अटेली कस्बे में सोमवार की रात खोड़ मोड़ के समीप गैस वेल्डिंग की दुकान ताला तोड़कर गैस वेल्डिंग सेट चोरी कर लिया था। दुकानदार कुलदीप ने बताया मंगलवार को अटेली पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी श्योताज ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाएगी।