अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल।
गांव नावदी रामपुरा के निकट 27 मई की रात को सिंघाना रोड निवासी टैक्सी चालक भागमल सैनी की हत्या के विरोध में सोमवार को सैनी समाज के अनेक लोगों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। उपायुक्त को सौंपे गए ज्ञापन में उन्होंने भागमल की हत्या जमीनी विवाद का कारण बताया। लोगों ने डीसी से इस हत्याकांड की निष्पक्ष जांच करवा आरोपियाें के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करवाने की मांग की।
ज्ञापन देने आये लोगों ने डीसी को बताया कि मृतक टैक्सी चालक भागमल सैनी का एक बड़े प्लाट के लिए शहर के कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। उन लोगों ने हत्याकांड से तीन दिन पहले प्लाट को खाली करवाने के लिए जेसीबी भेजी थी, लेकिन भागमल सैनी ने जेसीबी को वापस लौटा दिया था। इसके चलते उन लोगों ने भागमल को जान से मारने की धमकी दी थी। इसी रंजिश के चलते उन लोगों ने सोची-समझी साजिश के तहत 27 मई को देर शाम उसके पिता की टैक्सी को दिल्ली के लिए किराए पर हायर किया और उन्हें नावदी के निकट रामपुरा रोड पर ले जाकर उनकी चाकुओं से गोद कर हत्या कर दी।
वहीं, अब पुलिस ने इस हत्याकांड को लूट की वारदात का अंजाम लेकर तीन युवकों के नाम उजागर किए हैं। जबकि ये तीनों युवक भागमल सैनी व उसके परिवार को जानते तक नहीं हैं। ऐसे में उन तीन युवकों द्वारा भागमल सैनी का मर्डर करने की बात गले नहीं उतर रही है। डीसी को ज्ञापन देने वालों में सैनी सभा के प्रधान बिशन कुमार, पूर्व प्रधान प्रेम भगत, पार्षद किशन बोहरा, रोहताश सैनी, शुभराम एडवोकेट, राजेंद्र कुमार, रामजीलाल सैनी, पार्षद पवन कुमार, रघुवीर सैनी, सब्जी मंडी के प्रधान अजीत सैनी, भगवान दास, उपप्रधान संजय कुमार, सचिव निहाल सिंह व कोषाध्यक्ष बलवंत सिंह सहित अनेक लोग थे।