अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। नगर पालिका पार्षद सुरेंद्र बंटी पर एससी एसटी का मामला दर्ज करवाने वाले श्रीचंद वाल्मीकि ने मामले की शीघ्र जांच एवं सुरक्षा मुहैया कराने की गुहार पुलिस अधीक्षक से की है। एसपी और डीजीपी के नाम भेजे गए पत्र में श्रीचंद ने बताया नपा पार्षद सुरेंद्र बंटी की ओर से जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने के विरोध में उनके विरुद्ध 22 अगस्त को शिकायत दी थी, जिसमें 13 सितंबर को मामला दर्ज हुआ था। मामले की जांच महेंद्रगढ़ के डीएसपी तीन बार कर चुके हैं। इस समय मामले की जांच डीएसपी कोसली कर रहे हैं।
श्रीचंद ने कहा कि जांच में इतना अधिक समय लगाकर उसकी जान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन पर कई बार हमला भी हो चुका है। मामले को रफदफा करने का प्रलोभन दिया जा रहा है। समाज के लोगों के जरिए भी उन पर दबाव बनाया जा रहा है। श्रीचंद ने कहा कि मुझे मेरी जान का खतरा महसूस हो रहा है। मामला दर्ज होने के चार माह का समय बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही।