पूछताछ में आरोपी ने किया जुर्म कबूल, दिल्ली यमुनापार अखाड़े में था छिपा आरोपी
फोटो संख्या:41
अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ कोर्ट में आठ सितंबर को हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पुलिस ने बृहस्पतिवार को महेंद्रगढ़ कोर्ट में पेश किया जहां से उसे 3 दिन के रिमांड पर भेज दिया है। इस दौरान वारदात में इस्तेमाल अपाची मोटरसाइकिल बरामद की जाएगी। आरोपी पपला को भगाने की साजिश में शामिल आरोपी के पिता मनोहर लाल समेत 8 आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बतलाया कि 8 सितंबर को आरोपी विक्रम उर्फ पपला पुत्र मनोहर लाल जाती गुर्जर वासी गांव खैरोली महेंद्रगढ़ में पेशी के दौरान पुलिसकर्मियों को गोली मारकर घायल कर भाग गया था। इस गोलीबारी में जय पाल, राम कुमार, सिपाही राहुल, धर्मबीर गोली से घायल हो गए थे।
विक्रम उर्फ पपला को भगाने की इस वारदात में उसके कई साथी और मुख्य आरोपी पपला अभी फरार है। बुधवार को शाम पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पवन अपने गांव कोका में आया हुआ है। पुलिस ने आरोपी पवन को गांव में उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि पूछताछ पर पवन ने अपना जुर्म कबूल किया है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि पपला को भगाने वाले दिन वह अपाची मोटरसाइकिल चालू करके कोर्ट के गेट पर खड़ा था। ज्योंहि पपला पुलिस हिरासत से भाग कर आया तो वह उसे बैठा कर जाटवास मोड़ तक उसको ले गया था। वहा से आरोपी पपला फार्च्यूनर गाड़ी में बैठ कर भाग गया। आरोपी कुछ दिन पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए राजस्थान में छुपा रहा। फिर आरोपी दिल्ली यमुनापार अखाड़े में रहा। वही अपनी मोटरसाइकिल छुपा दी । बुधवार की रात आरोपी अपने घर आया था जिसको गिरफ्तार कर लिया गया।