अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। राजस्थान के गांव शिमला स्थित एसबीआई से मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे फायरिंग कर तीन लाख रुपये लूटकर भागने वाले बदमाशों को पुलिस ने चंद घंटों बाद ही नाकाबंदी करके महेंद्रगढ़ के गांव दनचौली के पास से गिरफ्तार कर लिया। मामले में राजस्थान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन पिस्तौल, चाकू, कारतूस और नकदी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार जिले के अंतिम छोर पर बसे राजस्थान के गांव शिमला के एसबीआई से मंगलवार करीब साढ़े दस बजे तीन नकाबपोश लुटेरे फायरिंग कर तीन लाख रुपये लूट ले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीन लुटेरे सफेद रंग की अपाचे बाइक पर पिस्तौल लहराते हुए आए और सीधे बैंक की छत पर चढ़ गए। जहां फायरिंग करनी शुरू कर दी। फायरिंग होते देख वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मंच गया और लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। इसके बाद तीनों लुटेरे फायरिंग करते हुए बैंक के अंदर कैशियर के केबिन में घुस गए और वहां पर रखे तीन लाख रुपये लेकर बाइक पर सवार होकर हरियाणा की ओर भाग गए।
वहीं, वारदात की सूचना मिलने पर राजस्थान पुलिस के डीएसपी वीरेंद्र मीणा मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। साथ ही हरियाणा की सभी सीमाओं को नाकाबंदी कर सील करवा दिया। डीएसपी मीणा ने थानाधिकारी हरदयाल सिंह व बसई चौकी इंचार्ज भीम सिंह के साथ दो टीमें गठित कर नकाबपोश लुटेरों की तलाश के लिए रवाना की। लुुटेरों का पीछा कर रही राजस्थान पुलिस दनचौली के पास सामने से आ रही सफेद रंग की अपाचे बाइक को रुकवाने का इशारा किया तो बाइक पर पीछे बैठे युवक ने पुलिस पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। परंतु पुलिस ने उनका पीछा करना नहीं छोड़ा तो बाइक चालक घबरा गया। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसके बाद भी तीनों लुटेरे पुलिस पर फायरिंग करते हुए लूटी गई राशि को लेकर भागने लगे तो पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की।
इसमें नकाबपोश हथियार बंद 20 वर्षीय राजेश गुर्जर और 22 वर्षीय राजेश पुत्र रोहताश निवासी रोपड़ सराय थाना नांगल चौधरी एवं डूमौली निवासी लोकेश गुर्जर 19 वर्षीय को घेराबंदी कर दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई तीन लाख रुपये की राशि के साथ दो पिस्तौल, एक देशी कट्टा, एक चाकू एवं तीन कारतूस व सफेद रंग की बिना नंबर की अपाचे बाइक बरामद की। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान 4 जुलाई को डाबला में दिनदहाड़े बैंक लूटने की वारदात भी स्वीकार की है। राजस्थान पुलिस ने तीनों को लुटेरों को घटना के करीब एक घंटे बाद साढ़े ग्यारह बजे दनचौली के पास से काबू कर गिरफ्तार कर लिया।
गोठड़ी गैंग के बताए जा रहे लुटेरे
राजस्थान पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों में दो आरोपी राजेश कुमार और राजेश जिले के गांव रोपड़ सराय निवासी हैं। जबकि उनका एक साथी लोकेश गुर्जर राजस्थान के गांव डूमोली निवासी है। तीनों आरोपी गोठड़ी गैंग के बताए जा रहे है। तीनों आरोपियों पर पहले से कई मामले दर्ज हैं। इस प्रकार राजस्थान पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर बड़ी सफलता हासिल की है।
वारदात से आधे घंटे पहले बैंक में थे साढ़े छह लाख रुपये
बैंक में वारदात से पहले करीब साढ़े छह लाख रुपये थे। बैंक कैशियर वीरेंद्र ने बताया कि घटना के आधे घंटे पूर्व तीन लाख रुपये शिमला निवासी एक महिला को दिए थे और 50 हजार रुपये एक अन्य व्यक्ति को दे दिए थे।
खेतड़ी पुलिस ने की थी नाकाबंदी
जिले के सीमा पर बसे राजस्थान के गांव शिमला के बैंक में हुई लूट की सूचना जैसे की खेतड़ी पुलिस को मिली तो पुलिस राजस्थान सहित हरियाणा की ओर जाने वाले सभी रास्तों में नाकाबंदी कर दी। नाकाबंदी होने के कारण आरोपी अधिक दूर नहीं भाग पाए और राजस्थान पुलिस ने उन्हें जिले के गांव दनचौली के पास ही दबोच लिया।
लूट के समय मैनेजर गया था कैश लेने
बैंक में लूट के समय कैशियर वीरेंद्र और एक प्राईवेट सिक्योरिटी एजेंसी का चपरासी मौजूद था। बैंक मैंनेजर विजय सिंह एवं गार्ड मुख्य शाखा खेतड़ी से कैश लेने के लिए गए थे। पीछे से लुटेरों वारदात को अंजाम दे दिया।