अमर उजाला ब्यूरो
मंडी अटेली। रंगदारी मिलने पर दो युवकों द्वारा व्यापारी और उसके दो बेटों पर हॉकी व डंडों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में घायल युवक को अटेली सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वारदात की सूचना मिलने पर क्षेत्र के व्यापारियों और दुकानदारों ने एकत्रित होकर विरोध-प्रदर्शन किया। विरोध में दुकानों को बंद करके दुकानदार थाने पहुंच गए। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। हमलावरों को पकड़ने के लिए सीआईए को भी लगाया गया है। लगभग तीन घंटे बाजार बंद होने के कारण बाजार में खरीददारी करने आए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गांव ताजपुर निवासी बद्रीप्रसाद ने बताया कि उसका बाजार में गौरव बूट वेयर के नाम से शोरूम है। जिस पर वह और उसके बेटे गौरव, रितेश भी कार्य करते है। मंगलवार दोपहर करीब 11 बजे दो युवक एक बाइक पर सवार होकर आए। युवकों ने उससे 50 हजार की रंगदारी मांगी लेकिन उन्होंने युवकों की बात को अनसुना कर दिया। इसके बाद युवक दुकान से चले गए। कुछ देर बाद दोनों युवक दोबारा दुकान पर आए हॉकी-डंडों से तीनों पर हमला करके फरार हो गए। इसमें रितेश को अधिक चोट लगी है।
वर्जन
पीडितों की शिकायत के बाद दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उनकी तलाश करने के लिए टीम का गठन कर लिया गया है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-थाना प्रभारी श्योताज सिंह