अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। सैनी सभा की कार्यकारिणी द्वारा पिछले महीने सैनी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य नेतराम सैनी को हटाकर दूसरे को प्राचार्य बना दिया था। इस मामले में जिला फर्मज एवं सोसायटी के जिला रजिस्ट्रार ने सभा के प्रधान बिशन कुमार सैनी को 26 नवंबर को मूल रिकॉर्ड एवं जवाबदावा पत्र साथ लेकर उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
जिला रजिस्ट्रार कार्यालय द्वारा 12 नवंबर को भेजे गए पत्र में सैनी सभा के प्रधान को लिखा है कि उनके खिलाफ एक शिकायत मिली है। इसके जवाब के लिए 26 नवंबर को समिति के मूल रिकॉर्ड एवं जवाबदावा पत्र साथ लेकर उपस्थित कार्यालय में उपस्थित हो। रजिस्ट्रार कार्यालय ने सैनी सभा प्रधान को भेजे नोटिस के साथ शिकायत की प्रति भी साथ संलग्न की है। चितरूराम, श्याम लाल, भीम सिंह, मुंशीराम, किशोरी लाल, दलीप सिंह व प्रवीण समेत अन्य द्वारा दी शिकायत में सैनी सभा नारनौल रजिस्ट्रेशन एक्ट के अनुसार नहीं चलने की बात कहते हुए रिसीवर बैठाने की मांग की है।
लोगों ने जिला रजिस्ट्रार को भेजी शिकायत में कहा है कि सैनी सभा हरियाणा सरकार के सभा एवं सोसायटी संशोधित एक्ट 2012 के तहत रजिस्टर्ड है। सैनी सभा में वर्तमान में जो कार्यकारिणी कार्य कर रही है उसने ना तो चुनाव अधिकारी से शपथ तक ली है और न ही इस कार्यकारिणी के कॉलेजियम रजिस्ट्रार कार्यालय से अप्रूवल है। सैनी सभा द्वारा वर्तमान में दो स्कूल संचालित किए जाते है। जिन्हें वर्तमान प्रधान बिशन कुमार चला रहे हैं। सोसायटी के उद्योग विस्तार अधिकारी राकेश यादव ने बताया कि चितरूराम नामक एक व्यक्ति की शिकायत मिली थी। जिस पर कार्रवाई व जांच के लिए सैनी सभा को पत्र लिखकर रिकार्ड तलब किया गया है।