अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। क्षेत्र के गांव दौंगड़ा चौक पर रात में पुलिस चौकी से 20 गज दूर दो दुकानों से अज्ञात चोर लाखों रुपये का सामान और नगदी चोरी कर ले गए। सुबह दुकानदार दुकान खोलने के लिए पहुंचे तो चोरी का पता चला। इस मामले कि दुकानदारों ने लिखित शिकायत दौंगड़ा पुलिस चौकी में दी है।
पुलिस में दी शिकायत में गांव दौंगड़ा जाट निवासी माया राम पुत्र हरदयाल और सुमेर पुत्र सोहन लाल ने बताया की वे दौंगड़ा चौक पर परचून की दुकान चलाते हैं। मंगलवार की रात नौ बजे दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। रात में चोरों ने दोनों दुकानों से शटर उखाड़कर लाखों का सामान, पांच हजार रुपये की चिलर और चार हजार की नगदी ले गए। दोनों ही दुकान मालिकों को सुबह दुकान पर पहुंचने के बाद दुकानों में चोरी होने कि जानकारी मिली। इसके बाद मामले की सूचना पास ही पुलिस चौकी में दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया और चोरों की तलाश शुरू कर दी। दौंगड़ा चौक पर स्थित दुकानदारों में इस बात को लेकर रोष पनप रहा है कि पुलिस चौकी होते हुए चोरी और छिना झपटी की शिकायतें बढ़ती जा रही हैं। दुकानदारों ने बताया की कुछ माह पूर्व जहां दो अन्य दुकानों में चोरी हुई थी वहीं महेंद्रगढ़ रोड पर दो माह पूर्व एक बाइक सवार से बाइक और नगदी छीन ले गऐ थे।