अमर उजाला ब्यूरो
कनीना (महेंद्रगढ़)।
रविवार को कनीना उपमंडल के गांव भोजावास स्थित हनुमान मंदिर धर्मशाला में ब्राह्मण समाज की महापंचायत आयोजित की गई। इस महापंचायत की अध्यक्षता गौड़ ब्राह्मण सभा नारनौल के पूर्व प्रधान गजानंद कौशिक ने की। महापंचायत में पूरे जिले से समाज के सैकड़ों लोगों ने शिरकत की। बैठक में सर्वसम्मति से पांच प्रस्ताव पास किए। महापंचायत के बाद नवगठित कमेटी एवं ग्रामीण कनीना थाना पहुुंचे जिसमें उन्होंने एसएचओ रमेश कुमार को मामले से अवगत कराया और महापंचायत द्वारा लिए गए प्रस्तावों की कॉपी दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि अगर आरोपी की गिरफ्तारी व अन्य आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई पुलिस ने नहीं कि तो वो आंदोलन करेंगे। वहीं पुलिस ने शांति एवं सुरक्षा को लेकर गांव और धर्मशाला के पास भारी पुलिस बल तैनात किया हुआ था।
महापंचायत की अध्यक्षता कर रहे गजानंद कौशिक ने कहा कि ब्राह्मण समाज का अपमान सहन नहीं होगा। इससे पहले जेई के परीक्षा में भी उनके समाज का अपमान हुआ है। रेवाड़ी ब्राह्मण सभा के प्रधान प्रेम कौशिक ने कहा कि मामले में आरोपी की गिरफ्तारी व अन्य लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई पुलिस ने नहीं की तो वो आंदोलन करेंगे। इस मौके पर सुबेदार मुन्नी लाल शर्मा सुंदरह, संत लाल शर्मा, रामअवतार, कैलाश चंद, कपीश शर्मा, लक्ष्मण स्वरूप कौशिक रेवाड़ी, सोनू, रवि, मंजीत, अभिषेक, पवन, जयभगवान, सतबीर, धर्मेंद्र, नवीन, अर्जुन सहित सैकड़ों की संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग मौजूद रहे।
सर्वसम्मति से ये प्रस्ताव हुए पास
महापंचायत में सर्वसम्मति से पांच प्रस्ताव पास किए गए। पहले प्रस्ताव में 23 सदस्यों की कमेटी का गठन किया गया जो पूरे मामले को देखेगी। दोषियों को कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में किसी भी समाज के प्रति कोई अभद्र टिप्पणी न करें। अपराध में जो भी सहयोगी है उनके खिलाफ भी केस दर्ज किया जाए। सचिन शर्मा के साथ पूरी कमेटी व महापंचायत साथ रहेगी। समस्त समाज हरसंभव मदद करेगा। अगर प्रशासन ब्राह्मण समाज के शिकायत करता बच्चों पर किसी प्रकार का दबाव बनाएगा तो ब्राह्मण समाज सड़कों पर उतरेगा। इस मामले में हरियाणा की सभी ब्राह्मण सभाओं से सहयोग लिया जाएगा।
कमेटी में 23 सदस्य शामिल
पंडित कैलाश शर्मा गोमली, केशव शर्मा गोमली, श्रीभगवान शर्मा, राजू शर्मा, पवन शर्मा भोजावास, नौरंग शर्मा पूर्व सरपंच गोमली, अनिल शर्मा गोमली, कैलाश शर्मा मोहनपुर, खेमचंद शर्मा नारनौल, नानग राम शर्मा झाड़ली, राजेंद्र शर्मा ईसराना, एडवोकेट मनीष वशिष्ठ नारनौल, राजेश दीवान प्रधान ब्राहमण सभा महेंद्रगढ, पंडित प्रेम कौशिक प्रधान ब्राह्मण सभा रेवाड़ी, कंवर सैन वशिष्ठ कनीना, सुरेश चंद शर्मा कांवी, सुरेश चंद शर्मा कनीना, गजानंद कौशिक पूर्व प्रधान गौड़ ब्राह्मण सभा नारनौल, दलीप दीक्षित कनीना, गोपाल कौशिक नारनौल, दलीप शास्त्री रेवाड़ी, सतीश लाटा झगड़ोली, मोहित शर्मा ईसराना शामिल है।
महापंचायत के बाद कनीना थाना पहुंचे ग्रामीण एवं कमेटी के सदस्य
भोजावास में महापंचायत के बाद नव गठित कमेटी व ग्रामीण कनीना थाना पहुंचे जिसमें उन्होंने एसएचओ रमेश कुमार को मामले से अवगत करवाया और महापंचायत द्वारा लिए गए प्रस्तावों की कॉपी दी। थाना में राजेश दीवान प्रधान ब्राह्मण सभा महेंद्रगढ, प्रेम कौशिक प्रधान रेवाडी व गजानंद कौशिक अध्यक्ष महापंचायत ने थानाध्यक्ष से आरोपियों को गिरफ्तार करने व अन्य लोगों के नाम दर्ज करने की मांग रखी। इसके अलावा सचिन शर्मा ने थाने पहुंचकर एक लिखित शिकायत व फेस बुक पोस्ट की प्रिंट कॉपी थानाध्यक्ष को सौंपी जिसमें विशाल दो चानियां के साथ अन्य फेसबुक मित्रों ने ब्राह्मण समाज पर भद्दी टिप्पणी की है।
महापंचात के चलते कड़ी रही सुरक्षा
प्रशासन ने ब्राहमण समाज द्वारा बुलाई गई महापंचायत के चलते सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए थे। सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल गांव के चारों और तैनात रहा। मौके पर सुरक्षा व सीआईडी के कर्मचारी तैनात थे। ड्यूटी मजिस्ट्रेट कनीना के नायब तहसीलदार महेंद्रसिंह अनुप सुहाग पटवारी भी महापंचायत स्थल से कुछ दूरी पर मामले को लेकर नजर रखे हुए थे। कनीना उपमंडल मुख्यालय पर फायर ब्रिगेड भी तैनात की गई थी। महापंचायत आरंभ होने से पहले कनीना के एसएचओ रमेश कुमार ने मौके पर जाकर सभा के प्रमुख लोगों से भाईचारा बनाए रखने की अपील की जिस पर गजानंद कौशिक ने उन्होंने किसी भी तरह की अशांति नहीं होने का आश्वासन दिया।
यह दी पुलिस को शिकायत
कनीना पुलिस को दी गई शिकायत में सचिन शर्मा, रवि, मंजीत, अभिषेक, पवन, जयभगवान, सतबीर, धर्मेंद्र, नवीन, अर्जुन ने कहा कि भोजावास वासी विशाल दोचानिया जो चंडीगढ़ स्थित डाकखाने में सहायक पद पर कार्यरत है। विशाल दोचानिया की ओर से इस बारे में लगातार आपत्तिजनक पोस्ट सोसल मीडिया पर वायरल किए गए हैं, इसके पीछे कारण जानना चाहा तो जान से मारने तक की धमकी दी गई है जिससे ब्राह्मण समुदाय की भावनाओं पर ठेस पहुंची है। समाज में शांति व भाईचारे की भावनाओं को बिगाड़ने के मकसद से की गई इन अभद्र टिप्पणियों से समाज के लोगों में रोष है।
यह है मामला
कनीना उपमंडल के गांव भोजावास निवासी विशाल दोचानियां ने सोशल मीडिया फेसबुक पर डॉ. भीमराव अंबेडकर को ब्राह्मणों का दामाद बताकर कमेंट पोस्ट कर दिया। इतना ही नहीं उनके द्वारा ब्राह्मणों के मंदबुद्धि, मांग कर खाने, ब्रह्मा जी के मुख से जन्म होने सबंधी समाज को कलंकित करने वाली विभिन्न टिप्पणियां की गई जिसे लेकर समूचा ब्राह्मण समुदाय एकजुट होता गया।
रात को ब्राह्मण समाज से मिले थे पुलिस अधीक्षक
इस महापंचायत को टालने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल शनिवार को देर रात कनीना थाना पहुंचे और उन्होंने ब्राह्मण समाज एवं दलित समाज के लोगों बैठाकर मामला सुलझाने का प्रयास किया था। किंतु बात सिरे नहीं चढ़ पाने के बाद आज महापंचायत की गई।
वर्जन:
मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। दूसरे पक्ष से भी शिकायत आई है दोनों पक्षों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- रमेश कुमार, थाना प्रभारी कनीना।
वर्जन:
मामला संज्ञान में हैं। इस मामले की पूरी जांच चल रही है। जांच पूरी हो जाने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल।