मौके पर उल्टी पड़ी गाड़ी को चैक करती हुई पुलिस
- फोटो : Narnol
गांव नांगल हरनाथ में शराब के कारोबार को लेकर मंगलवार को फायरिंग हुुई। जिसमें एक गोली गांव में खड़े ट्रैक्टर की लाइट में जा लगी। पुलिस ने मौके से गोली का खोल बरामद किया है। इसके अलावा लाठियां, लोहे की रॉड सहित अन्य सामान बरामद किया है। क्षतिग्रस्त गाड़ी और बाइक भी मौके पर मिली है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव नांगल हरनाथ निवासी रामनाथ व भरत सिंह ने बताया कि मंगलवार की सुबह वे अपने घर पर थे। करीब दस बजे उनके गांव के तीन लोग अपने साथ कुछ अन्य लोगों के साथ एक बाइक तथा स्कार्पियो गाड़ी में सवार होकर पहुंचे। उक्त लोगों ने अपने साथ शराब की पेटी ली थी। इन पेटी को रामनाथ व भरत के घर पर रखकर पुलिस को फोन करने वाले थे। ताकि अवैध शराब के केस में फंसाया जा सके।
रामनाथ व भरत ने अपनी शिकायत में कहा कि उन्होंने इसका विरोध किया तो शराब रखने आए लोग अपनी गाड़ी में सवार होकर भाग गए और बाइक को मौके पर ही छोड़ दी। कुछ दूरी पर जाकर इन लोगों की स्कार्पियो गाड़ी एक ट्रैक्टर से टकरा गई। इसके बाद इन लोगों ने ट्रैक्टर पर हवाई फायर भी किया। वहीं, इस दौरान स्कार्पियो गाड़ी कुछ दूरी पर जाकर गड्ढों में पलट गई। इसके बाद सभी हमलावर गाड़ी से उतरकर फरार हो गए। सुबह करीब 11 बजे मौके पर पहुंची पुलिस ने मौके से एक खोल बरामद किया। इसके अलावा लाठी, लोहे की रॉड, फरसी जैसे तेजधार हथियार बरामद किए हैं। गांव में खड़े ट्रैक्टर की अगली लाइट में गोली लगी मिली है। क्षतिग्रस्त स्कार्पियो गाड़ी मौके मिली। बाइक को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शराब से कारोबार से जुड़े लोगों ने आपसी विवाद के चलते यह वारदात हुई है, जिसमें दूसरे पक्ष के लोग भी घायल हुए हैं। एक घायल को कनीना अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस अभी घायल तक नहीं पहुंच सकी है। न ही दूसरे पक्ष की ओर से अभी कोई शिकायत पुलिस को दी गई है।
मामला शराब के कारोबार से जुड़ा है। मामले में दूसरे पक्ष के लोग भी घायल बताए जा रहे हैं। अभी हमारे पास रामनाथ व भरत सिंह की ओर से शिकायत आई है। केस की जांच की जा रही है। जांच के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी।
- विरेंद्र, एएसआई, थाना महेंद्रगढ़।