क्षेत्र के एक गांव में बीए की छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने का मामला प्रकाश में आया है। कॉलेज से लौट रही छात्रा के साथ बाइक सवार दो युवकों ने छेड़छाड़ करते हुए हाथ पकड़ लिया। छात्रा ने अपनी शिकायत में कहा कि एक युवक ने उसे पिकअप गाड़ी से जबरदस्ती उतारने का प्रयास किया।
सतनाली पुलिस को दिए बयान में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा ने बताया कि वह अपनी सहेली के साथ बुधवार को राजकीय महिला महाविद्यालय से मंडी की ओर जूस पीने के लिए जा रही थी। दोनों जूस की दुकान पर पहुंचने वाली थी कि बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने उनको रोकने का प्रयास किया। आरोप लगाया कि कुलदीप और संदीप ने बुरी नीयत से उसका हाथ पकड़ा। छात्रा ने कहा कि जब उसने कुलदीप व संदीप को वहां से जाने को कहा तो दोनों कहा कि वे उसकी इज्जत खराब कर देंगे। संदीप ने चुन्नी पकड़कर अपनी ओर खींच ली। कुलदीप ने कहा तुझे जबरदस्ती उठाकर ले जाएंगे, जिसके बाद कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं छोडे़ंगे। इसके बाद अपने गांव जाने के लिए दोनों चल पड़ी। गांव जाने के लिए एक पिकअप में सवार हो गई। इसके बाद भी युवकों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। दोनों पिकअप का पीछा करने लगे। कुछ किलोमीटर जाने के बाद कुलदीप बाइक छोड़कर पिकअप में सवार हो गया और जबरदस्ती हाथ पकड़कर नीचे उतारने का प्रयास करने लगा। छात्रा ने बताया कि पिकअप में बैठी सवारियों ने उसे बचाया। आरोपी कुलदीप तथा संदीप ने धमकी देते हुए कहा कि जब भी अकेली मिलेगी तो उठाकर ले जाएंगे।
पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर जान से मारने की धमकी, छेड़छाड़ की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।