बिजली चोरी पकड़ने गई टीम के साथ अटेली रोड पर एक व्यक्ति ने गाली गलौज किया। जांच टीम को जान से मारने की धमकी दी। बिजली निगम की टीम ने आरोपी के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, जान से मारने की धमकी का केस दर्ज कराया है।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के एसडीओ ने महेंद्रगढ़ थाना पुलिस को शिकायत दी। जिसमें बताया कि 12 अगस्त को कार्यकारी अभियंता बुधराम पंवार के निर्देश अनुसार बिजली कर्मियों की टीम चोरी केस पकड़ने के लिए गांव जासावास गई थी। दोपहर करीब 2:10 बजे जब टीम महेंद्रगढ़-अटेली मुख्य मार्ग पर बने रिहायशी घरों की जांच कर रहे थे। यहां मूल रूप से गांव जासावास निवासी धर्मचंद बिजली निगम टीम के साथ गाली गलौज शुरू कर दिया। जब बिजली कर्मियों ने विरोध करते हुए गाली-गलौज बंद करने को कहा तो आरोपी धर्मचंद धक्का-मुक्की करने लगा। आरोपी ने बिजली कर्मियों को जान से मारने की धमकी दी। धर्मचंद ने कहा कि यहां से नहीं गए तो किसी आरोप में फंसा देगा। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जाए। महेंद्रगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी धर्मचंद के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, जान से मारने सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।