बाबा जयरामदास स्टेडियम पाली में मंगलवार को बीजेआरडी कप के लिए सिरसा और अजीत क्रिकेट क्लब गुड़गांव के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। इसमें सिरसा ने गुड़गांव को 16 रन से हरा दिया।
मंगलवार को बाबा जयरामदास क्रिकेट स्टेडियम पाली में बीजेआरडी कप का फाइनल मुकाबला खेला गया। अजीत क्रिकेट क्लब गुड़गांव के कप्तान सचिन हुड्डा ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला लिया। सिरसा की शुरुआत काफी अच्छी रही। सिरसा ने पहले हाफ में 10 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 75 रन बना लिए थे। इसके बाद सिरसा की विकेटों का पतन शुरू हो गया। एक बार तो लग रहा था कि पूरी टीम 140 के स्कोर पर सिमट जाएगी। इसके बाद सिरसा के ऑल राउंडर सुरेंद्र सिंह ने गुड़गांव के बॉलरों की जमकर धुनाई की। सुरेंद्र सिंह ने 20वें ओवर में गेंदबाज परमवीर के 4 छक्के की मदद से 25 रन ठोक दिए और टीम को 171 रनों के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। परमवीर गुड़गांव की ओर से सबसे महंगे गेंदबाद साबित हुए। उसने 4 ओवर में 56 रन दिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अजीत गुड़गांव के ओपनर रमन और वीरेंद्र ने शानदार शुरुआत की। दोनों ही ओपनर ने आते ही सिरसा के गेंदबाजों की धुुनाई शुरू कर दी। अजित गुड़गांव ने बिना कोई विकेट खोए 3 ओवर में 41 रन बना लिए थे। पहले हाफ तक गुड़गांव ने 10 ओवर में 4 विकेट खोकर 89 रन बना लिए। उसके बाद विकेटों का पतन जारी रहा और सिरसा ने गुड़गांव को आखरी ओवर तक संभलने का मौका नहीं दिया। सिरसा ने 16 रन से मैच को जीत लिया। इस मैच का मैन ऑफ द मैच सिरसा के आल राउंडर सुरेंद्र सिंह को दिया गया। सुरेंद्र ने 12 गेंदों में 36 रन बनाए, वहीं गेंदबाजी में भी 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट झटके। रणजी खिलाड़ी कुलदीप हुड्डा को मैन ऑफ दी सीरीज के तौर पर हीरो होंडा डीलक्स बाइक और 2100 रुपये बतौर पुरस्कार दिए गए। कुलदीप हुड्डा ने प्रतियोगिता में 130 रन बनाए तो वहीं 7 विकेट भी उन्होंने अपनी टीम के लिए चटकाए। फाइनल मुकाबले का रोमांच देखने के लिए लगभग 7 हजार दर्शक भी पहुंचे थे। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर समाज सेवी वी.के नांगलिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की जबकि एडीसी आरएस वर्मा, एसडीएम उमेद सिंह मोहन तथा तहसीलदार दिनेश कुमार विशिष्ठ अतिथि थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंदिर कमेटी के प्रधान कप्तान लक्ष्मण सिंह ने की।
ये रहे इनाम
कप की विजेता टीम को 1 लाख 51 हजार रुपये, आधा किलोग्राम चांदी का कप, एक चांदी की ईंट बतौर पुरस्कार दी गई। वहीं उपविजेता को 1 लाख रुपये एक हजार रुपये, 250 ग्राम चांदी का कप, 5 चांदी के बर्तन बतौर पुरस्कार दिए गए। मैन ऑफ दि सीरीज के तौर पर हीरो होंडा डीलक्स बाइक और 2100 रुपये बतौर पुरस्कार दिए गए।