महेंद्रगढ़। त्योहारी सीजन में मिलावट रोकने और लोगों को सुरक्षित खाना उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अमित कुमार ने जिले में अलग-अलग जगहों से खाद्य पदार्थों के 14 नमूने लिए। साथ ही कारोबारियों को गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
यह अभियान स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव और खाद्य सुरक्षा विभाग के कमिश्नर डॉ. मनोज कुमार के निर्देशन में चलाया जा रहा है। डॉ. अमित कुमार ने कहा कि त्योहारों में मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है, इसलिए गुणवत्ता पक्की करना और मिलावट रोकना विभाग की प्राथमिकता है।
उन्होंने मिठाई विक्रेताओं को निर्देश दिए कि मिठाई बनाने में इस्तेमाल होने वाले घी और तेल की जानकारी काउंटर पर साफ-साफ लिखें, ताकि ग्राहकों को पता चल सके। उन्होंने मिठाइयों में गैर-जरूरी रंगों का इस्तेमाल न करने और दुकानों में सफाई रखने की हिदायत भी दी। उनका कहना था कि ज्यादा बिक्री के दबाव में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए।
लाइसेंस और पंजीकरण की अपील
अधिकारी ने कारोबारियों से अच्छे कच्चे माल का उपयोग करने, साफ माहौल में खाना तैयार करने और अपने प्रतिष्ठान का पंजीकरण या लाइसेंस जरूर बनवाने की अपील की। विभाग ने आम लोगों से भी भरोसेमंद दुकानों से ही मिठाई और खाने का सामान खरीदने को कहा है। मिलावट या कोई गड़बड़ी दिखे तो विभाग को सूचना देने की अपील भी की गई है।