बाबा खेतानाथ राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल में बनाया गया कोविड सेंटर।
- फोटो : Narnol
नारनौल। पटीकरा स्थित कोविड-19 केयर सेंटर से दो कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों के फरार होने के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सेंटर पर पुलिस कर्मियों के साथ छह सीसीटीवी कैमरे भी अतिरिक्त लगाए गए हैं। अब सेंटर के चप्पे-चप्पे पर 22 कैमरों से नजर रखी जा रही है।
बता दें कि महेंद्रगढ़ जिले में कोविड-19 के मरीजों के लिए बाबा खेतानाथ आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज व अस्पताल को कोविड-19 केयर सेंटर बनाया गया है। जहां पर कोरोना के सामान्य मरीजों को रखा जाता है। जबकि, गंभीर मरीजों को झज्जर रेफर किया जाता है। कोविड-19 केयर सेंटर से दो दिन पहले दोपहर ढाई बजे लूट और चोरी के दो आरोपी वार्ड के पीछे के गेट को तोड़कर फरार हो गए थे। इससे कोविड-19 केयर सेंटर की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए थे। हालांकि पुलिस ने बाद में दोनों पकड़ लिया था। इसके बाद डीएसपी अंग्रेज सिंह समेत अन्य पुलिस कर्मियों ने सेंटर का दौरा किया था। जहां पर सुरक्षा इंतजामों को बेहतर करने पर चर्चा हुई थी।
मिली जानकारी के अनुसार पहले बंदी वार्ड के बाहर पांच पुलिस कर्मी तैनात रहते थे। हालांकि जब दोनों आरोपी फरार हुए थे तो पुुलिसकर्मी मेन गेट पर तैनात थे। आरोपी पीछे के गेट से फरार हो गए थे। ऐसे में अब अस्पताल के पीछे और आगे की गेट पर भी पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए हैं। दूसरी ओर अस्पताल में पीछे और प्रमुख जगहों पर छह सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए गए है। जिससे वार्ड के साथ बाहर के कैंपस पर नजर रखी जाए। कोविड-19 केयर सेंटर के एएसएमओ डॉ. हर्ष चौहान ने बताया कि सेंटर की सुरक्षा और अब सख्त कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पहले वार्ड बाहर पुलिस कर्मी तैनात रहते थे। अब अस्पताल परिसर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।