महेंद्रगढ़। नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ को कोविड सेंटर बना दिया गया है। प्रशासन की ओर से इसकी अनुमति भी मिल गई है। वीरवार से अस्पताल में कोविड सेंटर शुरू कर दिया जाएगा। 20 बेड के इस कोविड सेंटर में 15 बेड ऑक्सीजन सपोर्ट के होंगे और पांच बेड साधारण होंगे।
अब क्षेत्र के मरीजों को नारनौल नहीं जाना पड़ेगा। पिछले कई दिनों क्षेत्रवासी महेंद्रगढ़ में कोविड सेंटर की मांग भी कर रहे थे। यह मामला अमर उजाला समाचार पत्र ने बुधवार को प्रमुखता से उठाया था। बुधवार को ही सेंटर के लिए स्वीकृति मिल गई है।
क्षेत्र में कोरोना संक्रमण दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। पिछले दो दिनों से जिले में 750 से अधिक केस प्रतिदिन आ रहे हैं। बढ़ते मरीजों को दबावे को और लोगों की मांग को देखते हुए प्रशासन ने बुधवार को महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल को कोविड सेंटर बनाने की अनुमति दे दी है। प्रशासन की ओर से 20 बेड की अनुमति मिली है।
इनमें 15 बेड ऑक्सीजन स्पोर्ट के होंगे तथा पांच बेड साधारण होंगे। नारनौल से दस ऑक्सीजन सिलिंडर भी आ गए हैं। प्रवर चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनू यादव ने चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टॉफ की ड्यूटियां भी लगा दी हैं। वीरवार को अस्पताल कर्मचारियों ने दिन भर सेंटर बनाने में लगा दिया। वीरवार से पुराने भवन में बनाए एक कोविड सेंटर में मरीजों को एडमिट किया जा सकेगा।
लोगों को मिलेगी सुविधा
जिले में सरकारी एक मात्र कोविड सेंटर नारनौल बनाया गया था। नारनौल में लगभग 50 प्रतिशत मरीज महेंद्रगढ़ एवं आसपास क्षेत्र के ही भर्ती हो रखे हैं। महेंद्रगढ़ में एक भी कोविड सेंटर नहीं था। गंभीर मरीजों को नारनौल ही ले जाया जाता था।
बीच में एक मरीज ने तो तीन दिन पहले रास्ते में ही दम तोड़ दिया था। कई मरीज तो मुश्किल से ही वहां पहुंचते थे। सुविधा के अभाव में मरीजों को परेशानी उठानी पड़ती थी। अब महेंद्रगढ़ में कोविड सेंटर खुलने से मरीजों को न केवल सुविधा मिलेगी बल्कि उनको काफी राहत भी मिलेगी।
अमर उजाला ने उठाया था मुद्दा
क्षेत्र में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही थी। यहां के मरीजों के लिए अस्पताल में कोई सुविधा नहीं थी। शहर में एक भी सरकारी कोविड सेंटर नहीं बनाया गया था। इस मुद्दे को अमर उजाला ने बुधवार के माई सिटी के पेज नंबर 3 पर प्रमुखता से प्रकाशित किया।
उसके बाद प्रशासन ने महेंद्रगढ़ में सरकारी अस्पताल में कोविड सेंटर बनाने की अनुमति दी। इसके लिए सुंडाराम ट्रस्ट के अध्यक्ष संदीप मालड़ा और कुलदीप सरताज ने अमर उजाला का आभार प्रकट किया। उन्होंने प्रशासन से निवेदन किया कि डायट में भी दूसरा सरकारी कोविड सेंटर चालू करवाया जाए ताकि मरीजों को यहीं सुविधा उपलब्ध हो जाए। साथ ही महेंद्रगढ़ से ले जाए गए दोनों वेंटिलेटर यहां लाकर आईसीयू वार्ड भी शुरू किया जाए।
-------------------------------
कुछ दिनों के लिए बिल्डिंग तोड़ने का कार्य स्थगित:
सिविल अस्पताल की पुराने भवन को तोड़कर 45 करोड़ रुपये से नया भवन बनाया जाना है। इसके लिए कुछ दिन पहले ही उस भवन को स्वास्थ्य विभाग ने खाली भी करवा दिया था। ठेकेदार की ओर से भवन तोड़ने का कार्य दो चार दिन में शुरू होना था, लेकिन अस्पताल में जगह की कमी के चलते पुराने भवन में कोविड सेंटर बना दिया गया है। इसलिए पुराने भवन को तोड़ने का कार्य कुछ दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है।
महेंद्रगढ़ सिविल अस्पताल को 20 बेड की कोविड सेंटर की अनुमित मिल गई है। कोविड सेंटर तैयार किया जा चुका है। वीरवार से इसको शुरू कर दिया जाएगा।- डॉ. प्रदीप यादव, आरएमओ, महेंद्रगढ़