नारनौल। धनतेरस की रात नारनौल में पुलिस ने हरियाणा रोडवेज की बस के मुरादपुर (हांसी) सुरेंद्र निवासी परिचालक से अवैध हथियार बरामद किया। पुलिस ने परिचालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, भिवानी डिपो की बस हिसार से जयपुर जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बस के परिचालक सुरेंद्र के पास अवैध हथियार है। सूचना पर डायल-112 की ईआरवी-0465 टीम ने सिंघाना रोड पर बस रुकवाकर तलाशी ली।
इस दौरान परिचालक के बैग से देसी कट्टा बरामद हुआ। इसके बाद सिटी थाना पुलिस को मौके पर बुलाया गया और हथियार कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस कार्रवाई के कारण बस करीब 30 मिनट तक सड़क पर खड़ी रही। इससे धनतेरस की रात सफर कर रहे यात्रियों को परेशानी हुई। बाद में परिवहन विभाग ने दूसरे परिचालक की व्यवस्था की, जिसके बाद बस को जयपुर के लिए रवाना किया गया।
विज्ञापन
जिला पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि अवैध हथियारों और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। परिचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर हथियार के स्रोत और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।