फोटो 17ग्रामीणों के बकाया बिलों का भुगतान कराने पहुंची विभागीय टीम। विभाग
नारनौल। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन की टीम जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर उपभोक्ताओं से बकाया पेयजल और सीवर बिलों का भुगतान करवाने में जुटी है।
जिला सलाहकार मंगतुराम सरसवा ने बताया कि जन स्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा के निर्देशानुसार विशेष जल संरक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जल संरक्षण के प्रति जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ शहरों और गांवों में टीमों का गठन कर उपभोक्ताओं को उनके बकाया बिल जमा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जनवरी माह से चल रहे इस अभियान में ग्रामीण क्षेत्रों में अब तक 2,883 घरों और शहरी क्षेत्रों में 2,211 उपभोक्ताओं तक टीमें पहुंच चुकी हैं। इसके अलावा, ग्रामीण क्षेत्रों में 168 नेचुरल लीडर तैयार किए गए हैं। कुल 21 ग्राम पंचायतों में से 18 ग्राम पंचायतों में ग्राम जल एवं सीवरेज समितियों की बैठकें आयोजित की गई हैं और 17 स्कूलों में बच्चों को जल संरक्षण का संदेश दिया गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में 454 उपभोक्ताओं ने अपने बकाया बिल जमा कर 2,05,150 रुपये का राजस्व योगदान दिया है, जबकि शहरी क्षेत्रों में 2,211 उपभोक्ताओं से 14,19,506 रुपये की राशि एकत्रित की जा चुकी है। ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं से अपील है कि वे अपने बकाया पेयजल और सीवर बिलों का भुगतान 31 मार्च से पहले कर दें। मुख्यालय के निर्देशानुसार 31 मार्च के बाद आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।