महेंद्रगढ़। शहर के वार्ड नंबर सात में 35 लाख रुपये की लागत से चार सड़कों का निर्माण कार्य सोमवार से शुरू कर दिया गया है। विधायक कंवर सिंह यादव ने नारियल फोड़कर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
जेई नवदीप ने बताया कि शहर के वार्ड नंबर सात में चार सड़कों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। दो माह में सड़कों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। चारों सड़क इंटरलॉकिंग टाइलों की बनाई जाएगी। सड़क के दोनों अतिक्रमण हटाया जाएगा।
इन सड़कों में 11 हट्टा बाजार से नत्थुवाली माता मंदिर तक, मोहल्ला कोकाबंगड़ी से राज के घर तक, सतबीर के प्लाट से राठी की हवेली तक, महेंद्र के घर से डॉ. हरि तिवाड़ी के घर तक सड़क शामिल है।
इस दौरान विधायक ने 11 हट्टा बाजार सड़क पर ब्लॉक नाले की सफाई को लेकर नगर पालिका के अधिकारियों को आदेश दिए। विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट, पार्क और स्वच्छता जैसी योजनाओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है।
वार्ड नंबर सात सड़क निर्माण से शहर निवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा प्रदान करेगी और लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान करेगी। विधायक ने नागरिकों से अपील की है कि निर्माण कार्य के दौरान सहयोग करें और नई सड़कों की देखभाल में जागरूक रहें। ताकि आने वाले वर्षों तक इसका लाभ सभी को मिलता रहे।
नगरपालिका चेयरमैन रमेश सैनी ने कहा कि आने वाले समय में महेंद्रगढ़ शहर तेजी से विकसित होगा। शहर में सड़क, साफ-सफाई, पार्क, जल निकासी इन सब पर योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े। इस मौके पर वार्ड नंबर सात पार्षद भतेरी देवी, वार्ड नंबर छह पार्षद राजेश सैनी, वार्ड नंबर 14 पार्षद सुखबीर, पार्षद मुकेश कुमार, यशपाल सहित वार्डवासी मौजूद रहे।