फोटो संख्या:58- पीएम श्री राजकीय कन्या स्कूल से मोहल्ला पड़ाव तक सड़क का निर्माण करते कर्मचारी
महेंद्रगढ़। पीएमश्री राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय से मोहल्ला पड़ाव तक करीब 100 मीटर लंबा मार्ग पिछले दो माह से बदहाल था। अब नगर पालिका ने इस मार्ग का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया है। निर्माण शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में राहत की उम्मीद जगी है।
इस मार्ग की खराब हालत का मुद्दा अमर उजाला ने 15 सितंबर के अंक में प्रमुखता से उठाया था। खबर प्रकाशित होने के बाद नगर पालिका अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और सड़क निर्माण शुरू करवाया। लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत की मांग की जा रही थी।
यह मार्ग आसपास के कई गांवों के लिए महत्वपूर्ण है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, विद्यार्थी, कर्मचारी, किसान और अन्य राहगीर यहां से गुजरते हैं। सड़क खराब होने के कारण वाहन चालकों को गड्ढों से बचते हुए निकलना पड़ता था। बारिश के समय परेशानी और बढ़ जाती थी।
ग्रामीण राहुल, सुभाष आदि ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग कई बार संबंधित अधिकारियों के सामने रखी गई थी। अब काम शुरू होने से लोगों ने खुशी जताई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य जल्द और निर्धारित समय में पूरा होगा।
सड़क बनने के बाद दस से अधिक गांवों के ग्रामीणों और अन्य राहगीरों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। लोगों का कहना है कि मार्ग ठीक होने से आवागमन आसान होगा और विद्यार्थियों को भी स्कूल आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
वर्जन:
नगर पालिका की ओर से पीएम श्री राजकीय कन्या स्कूल से मोहल्ला पड़ाव तक सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। एक सप्ताह में कार्य पूरा कर लिया जाएगा। यह मार्ग इंटर लॉकिंग टाइलों से बनाई जाएगी। इस मार्ग के निर्माण के बाद राहगीरों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
-रमेश सैनी, प्रधान, नगर पालिका, महेंद्रगढ़