मंडी अटेली। ग्राम पंचायत सराय बहादुर नगर के सरपंच नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सचिव ईश्वर सिंह ने ग्राम सभा में उठे मसलों को कार्यवाही रजिस्टर में कलम बंद किया। ग्राम सभा में ग्रामीणों ने गांव में विकास कार्यों की योजना, नशे व अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता फैलाने आदि सवाल जवाब किए। ग्राम सभा में महिला पंचों के अलावा आशा वर्कर, आंगनबाड़ी वर्कर ने भी हिस्सा लिया।
गांव के सरपंच नरेंद्र सिंह ने बताया कि ग्राम सभा के लिए ग्रामीणों को पूर्व सूचना दी गई। एनएच हाईवे पर स्थित ग्राम चौपाल में ग्रामीण एकत्रित हुए और अपने सुझाव, प्रस्ताव व मांग रखी। गांव में स्वास्थ्य केंद्र खुलवाने के लिए सर्वसम्मति बनी। आशा वर्कर माया देवी ने गांव में किन्नर समुदाय के लोगों द्वारा शुभ कार्य पर बधाई आदि के ज्यादा राशि के लिए दबाव बनाने वालों पर कार्रवाई की निंदा की। इस ग्राम सभा में एक मत से किन्नर समुदाय को 500 रुपये तक देने पर सहमति बनी।
गांव में प्राइमरी स्कूल भवन बनवाने का प्रस्ताव, श्मशान घाट की चार दिवारी, पानी की टंकी, टीन शेड को बनवाने पर चर्चा हुई। इसके अलावा गांव की कच्ची व टूटी गलियों को पक्का करवाने का प्रस्ताव पारित किया गया। ग्राम सभा में पंच पूनम, अनुराधा, निरमा, सुनील कुमार, कविता कुमारी, शमशेर सिंह, अमर सिंह, सत्यनारायण, दीपक, आंगनबाड़ी वर्कर सुनीता व माया देवी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।