मंडी अटेली। पूर्व मंत्री एवं भारत जोड़ो यात्रा के जिला संयोजक राव नरेंद्र सिंह ने सोमवार को कस्बे के नए बस स्टैंड के समीप हवन करवा कर कांग्रेस कार्यालय का उद्घाटन किया। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा में 16 दिसंबर को भारत जोड़ो यात्रा के लिए दोपहर 12 बजे नारनौल पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में प्रदेश अध्यक्ष चौ. उदयभान की अध्यक्षता में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। जिसमें सांसद दीपेंद्र हुड्डा बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का मुख्य उद्देश्य केंद्र की भाजपा सरकार की विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ देश को एकजुट करना है। जो सात सितंबर को कन्याकुमारी से चलकर हरियाणा के मेवात में आ रही है। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भारत जोड़ने की आज बहुत जरूरत है क्योंकि देश भर में नफरत फैलाने, धर्म-जाति के आधार पर बांटने की राजनीति हो रही है। जबकि गरीब, मजदूर, किसान, युवाओं, महिलाओं व आमजन के मुद्दों को दबाया जा रहा है। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए राहुल गांधी के नेतृत्व में 150 दिवसीय भारत जोड़ो यात्रा देश भर के 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों को कवर कर रही है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से न केवल भारत जोड़ो यात्रा, बल्कि कार्यकर्ता सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।