फोटो नंबर-24प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपते कांग्रेस कार्यकर्ता। स्रोत: प्रवक्ता
नारनौल। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीट लीक व पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध बुधवार को प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम एसडीएम अनिरुद्ध को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन से कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर युवाओं और आम जनता के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
जिला अध्यक्ष सत्यवीर झुकिया ने कहा कि देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल नीट का प्रश्नपत्र लीक होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि इस घटना से लगभग 22 लाख विद्यार्थियों और उनके परिवारों की मेहनत, विश्वास और भविष्य पर गहरा आघात पहुंचा है। लाखों छात्र मानसिक तनाव और निराशा का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक प्रकरण में शामिल लोगों के भाजपा नेताओं के साथ फोटो वायरल होने से सरकार की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
सत्यवीर झुकिया ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी कर आमजन पर महंगाई का बोझ डाल रही है। इससे परिवहन, कृषि, उद्योग और रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सब्जियां, दूध, दवाइयां और निर्माण सामग्री तक महंगी हो चुकी हैं, जिससे आम जनता परेशान है।
डॉ. राजवती यादव ने कहा कि बार-बार पेपर लीक होना शिक्षा व्यवस्था की बड़ी विफलता है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग करते हुए दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की।कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। इस मौके पर पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।