नाटक प्रकरण को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्त्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिसकी अध्यक्षता पूर्व सीपीएस राव दान सिंह ने की। कार्यक्रम में कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई व यूथ कांग्रेस के कार्यकर्त्ताओं ने हिस्सा लिया। धरना-प्रदर्शन के बाद राव दान सिंह व एनएसयूआई के कार्यकर्त्ताओं ने तहसीलदार दिनेश कुमार को गवर्नर व राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में मामले की जांच रिटायर्ड जज से करवाए जाने की मांग के साथ दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की है।
पूर्व सीपीएस राव दान सिंह ने कहा कि उनकी सरकार ने सीयू को इस क्षेत्र में इसलिए स्थापित करवाया था कि आर्थिक रुप से पिछड़े इस क्षेत्र के छात्र इसमें शिक्षा ग्रहण कर देश के उच्च पदों पर रहते हुए देश सेवा करें। लेकिन यहां पर कुछ लोगों के द्वारा ऐसी गतिविधियां चलाई जा रही हैं, जो देेश व समाज के हित में हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से नाटक का मंचन किया है, इससे यहां पढ़ने वाले क्षेत्र के दिल में सेना के प्रति नकारात्मक संदेश गया है, जो कि वर्तमान हालात को देखते हुए सही नहीं है।
दान सिंह ने कहा कि इसलिए सीयू प्रशासन को चाहिए पूरे मामले की किसी सेवानिवृत्त जज से जांच करवाई जाए और जो भी इस मामले में दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। दान सिंह ने कहा कि देशहित के लिए उनकी पार्टी सरकार के साथ है। दान सिंह ने यह भी कि पूर्व में भी इस तरह की गतिविधियां सीयू में होती रही है लेकिन भविष्य में इस तरह की घटन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धरने के दौरान पूर्व सीपीएस राव दान सिंह, एनएसयूआई के जिला प्रधान प्रदीप खातोद, अनिल धनखड़, रुद्रपाल तंवर, कृष्ण माजरा, बाबूलाल यादव, कालू आकोदा, सरोज चौधरी, रामनिवास पाटौदा सहित अनेक कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।