फोटो 5धौलेड़ा के पास गुजरते ओवरलोड वाहन।संवाद
निजामपुर। धौलेड़ा मोड़ पर इन दिनों डंपरों की आवाजाही तेज हो गई है, स्टोन क्रशर जोन होने के कारण बड़ी चट्टानों और पत्थरों को छोटे टुकड़ों में कंकरीट और बजरी लाने-ले जाने के लिए ओवरलोड डंपर लगातार गुजर रहे हैं। इससे सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।
सड़क संकरी होने और लगातार भारी वाहनों के गुजरने से यातायात प्रभावित हो रहा है। दोपहर और शाम के समय तो स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण हो जाती है, जब आम वाहन चालकों को रास्ता निकालने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि भारी डंपरों के कारण सड़क पर धूल उड़ती है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों और दुकानदारों को परेशानी हो रही है। वहीं, अचानक सामने से आने वाले ट्रकों के कारण दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। दुपहिया वाहन चालकों को ओवरटेक करते हुए खतरा महसूस होता है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि धौलेड़ा मोड़ पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, संकेतक लगाए जाएं और भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण रखा जाए, ताकि किसी बड़ी घटना से बचा जा सके। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो आने वाले दिनों में यहां जाम और दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ सकती है।