मंडी अटेली। अंडरपास निर्माण कार्य को पूरा करने की मांग को लेकर धरना 352वें दिन भी जारी रहा। धरने की अध्यक्षता समिति संचालक डॉ. राजेंद्र प्रसाद खरब ने की। वहीं संचालन हनुमान शर्मा ने किया।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद खरब ने बताया कि अंडरपास निर्माण की मांग को जन-जन तक ले जाने के लिए समिति संचालक 25 नवंबर को गांव तोबड़ा से मशाल लेकर धरना स्थल पर पहुंचेंगे। जन जाग्रति की प्रतीक मशाल को गांव गांव में लेकर जाएंगे और रेलवे प्रशासन को जगाने का काम किया जाएगा, ताकि जनहित की इस मांग को शीघ्र पूरा कराया जा सके। इस अंडरपास के नहीं होने से लोगों को चार चार लाइन पार करके जाना पड़ता है। जिसमें स्कूली बच्चे, आसपास बसे कालोनी निवासी व ग्रामीणों और तोबडा़ के लोगों को आवागमन की भारी परेशानी है।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद खरब ने रेलवे प्रशासन को चेताया कि रेलवे की लेट लतीफी लोगों के जीवन पर भारी पड़ रही है। ग्रामीण आए दिन हादसों का शिकार होकर नौनिहालों सहित अपना अनमोल जीवन गंवा रहे हैं। धरने पर हनुमान शर्मा, बिजेंद्र चेयरमैन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।