फोटो 09: लॉजिस्टिक हब में बने माल ढुलाई के स्टेशन का निरीक्षण करतीं डीसी। स्रोत: विभाग
नारनौल। जिले में विकसित हो रहे इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब के शुभारंभ की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 23 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी माल ढुलाई गलियारे से जुड़े नए रेल मार्ग का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर राजस्थान के न्यू डाबला रेलवे स्टेशन से एक मालगाड़ी तलोट, घाटाशेर और बसीरपुर की जमीन पर बने इस केंद्र तक पहुंचेगी।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त अनुपमा अंजली ने पुलिस अधीक्षक दीपक, एसडीएम अनिरुद्ध यादव और अन्य अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, यातायात और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को सभी काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि पूरी परियोजना 1305 एकड़ भूमि पर विकसित की जानी है। इसके पहले चरण में 408 एकड़ क्षेत्र तैयार हो चुका है। तलोट, घाटाशेर और बसीरपुर गांवों में रेल लाइन के दोनों तरफ आधुनिक स्टेशन भवन बनाए गए हैं। मालगाड़ियों के संचालन के लिए चार रेल पटरियां बिछाई गई हैं।
हब में माल चढ़ाने और उतारने के लिए करीब दो किलोमीटर लंबा रेलवे प्लेटफॉर्म भी तैयार किया गया है। इससे भारी मालवाहक ट्रेनों को आसानी से खड़ा करने और माल की आवाजाही में सुविधा होगी।
पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे के किनारे स्थित यह केंद्र क्षेत्र के लिए आर्थिक रूप से अहम माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, इसके शुरू होने से बड़े उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए हजारों रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं। केंद्र के विकसित होने से क्षेत्र को व्यापार और उद्योग के नए केंद्र के रूप में पहचान मिलने की उम्मीद है।